आगरालीक्स…(24 January 2022 Agra News) पति बोला—सर, मेरी पत्नी दबंग है. मुझे घर में गुलाम की तरह बंधक बनाकर रखती है. वीडियो भी दिखाया—फटे पुराने और गंदे कपड़े पहने हुआ है. पत्नी ने कहा—ड्रामा कर रहा है…
आगरा में परिवार परामर्श केंद्र पर अक्सर महिला पीड़ित मामले ज्यादा आते हैं जिसमें पति द्वारा पत्नी का उत्पीड़न, मारपीट आदि की शिकायतें सामने आती हैं लेकिन इस बार मामला उल्टा निकला. इस बार परिवार परामर्श केंद्र पर पति पीड़ित मामला सामने आया जिसमें एक पति ने शिकायत करते हुए कहा कि सर, मेरी पत्नी दबंग है और घर पर मुझे गुलाम की तरह बंधक बनाकर रखती है. इसके साथ राजीनामा किया तो दोबारा बंधक बना लेगी. वहीं पत्नी का कहना है कि उसका पति ड्रामा कर रहा है, वह उसके और ससुरालियों के उत्पीड़न का शिकार है.

दस साल पहले हुई थी शादी
रविवार को आगरा की पुलिस लाइन में परिवार परामर्श केंद्र आयोजित किया गया. यहां आगरा के ही रहने वाले एक दंपत्ति अपनी शिकायत लेकर आए थे. इनकी शादी दस साल पहले हुई थी और एक बेटी भी है. पत्नी कई महीनों से मायके में रह रही है और उसने आरोप लगाया कि उसका पति और ससुरालीजन उसे ढंग से नही रखते हैं. वह उसे परेशान कर रहे हैं और अपने साथ नहीं ले जा रहे है. वहीं पति का आरोप है कि उसकी पत्नी उसे गुलाम की तरह बंधक बनाकर रखती है. अगर वह राजीनामा कराकर उसे अपने साथ ले गया तो वह फिर से उसे बंधक बना लेगी. युवक की मां ने भी शिकायत की कि उसकी बहू बेटे को बंधक बनाकर रखती है. इसके अलावा पति ने एक वीडियो भी दिखाया जिसमें वह गंदे पुराने फटे कपड़े पहना हुआ है और उसके बाल बिखरे हुए हैं. पत्नी का कहना है कि उसका पति ड्रामा कर रहा है वह ससुरालियों के उत्पीड़न से परेशान है. करीब एक घंटे तक चली काउंसलिंग के बाद पति इस शर्त पर पत्नी को ले जाने पर राजी हुआ कि पत्नी उसे परेशान नहीं करेगी तो वहीं पत्नी ने भी शर्त रखी कि पति अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाएगा.