
सुदिति ग्लोबल एकेडमी फीरोजाबाद के गढ़ी जाफर में आर्डिनेंस फैक्ट्री के पास है। यह आठवीं तक है। बुधवार शाम को स्कूल वैन से प्रिंसिपल डा. रमाकांत (45) निवासी अनुपम बाग, दयालबाग निशिका पुत्री बलराम निवासी प्रेम नगर, त्रिशूना पत्नी प्रेमचरन निवासी यूथ कैंप रोड (दयालबाग), शिक्षक रवि पुत्र हरभजन और उनकी पत्नी एकता निवासी पश्चिमपुरी (सिकंदरा), उमा पुत्री शिवप्रसाद निवासी किशोरपुरा (जगदीशपुरा) आगरा आ रहे थे। वहीं, वैन को टूंडला निवासी राजू चला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झरना नाले के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक में वैन पीछे से जा टकराई। इस पर चीखपुकार मच गई। भीषण हादसे में वैन मेें आगे बैठे डा. रमाकांत की मौत हो गई। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर धुन दिया।
हादसे के बाद राहगीर नहीं आते तो और भी जान जा सकती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें फंसे घायलों को राहगीरों ने बिना समय गंवाए बाहर निकाला। सूचना के आधा घंटे बाद पुलिस पहुंची। तब उन्हें अस्पताल भेजा गया।
मचा कोहराम
हादसे की जानकारी पर प्रिंसिपल, शिक्षक और शिक्षिकाओं के परिवारीजन आ गए। उ डा. रामकांत की पत्नी बेसुध हो गई। घरवालों ने बताया कि डा. रमाकांत मूलरूप से केरल के रहने वाले थे। कुछ समय पहले ही एकेडमी में प्रिंसिपल बने थे। परिवार दयालबाग में रहता है। वहीं उमा के घरवालों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उमा की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल भेजा गया। परिवारीजनों ने बताया कि उमा की एक सप्ताह पहले ही स्कूल में नौकरी लगी थी। अचानक से हुए हादसे के बाद से एकेडमी के शिक्षक और शिक्षकाएं दहशत में है, उनके परिजनों का बुरा हाल है। घायलों का इलाज चल रहा है।
Leave a comment