आगरालीक्स …..आगरा में मेडिकल के छात्र की हत्या के आरोप में साथी पर मुकदमा दर्ज। इंजेक्शन देकर हत्या का आरोप, घटनास्थल से जो इंजेक्शन मिला है वह जान ले सकता है।
आगरा के आरबी आयुर्वेदिक डिग्री कॉलेज, कालिंदी विहार में बीएएमएस थर्ड ईयर का छात्र 26 साल का अंशुल यादव ट्रांस यमुना कॉलोनी में अपने भाई अनुज यादव के साथ में रह रहा था। आरोप है कि मंगलवार दोपहर 12 बजे बीएएमएस छात्र अंशुल यादव के पास उसके दोस्त संदीप शुक्ला का फोन आया, संदीप पर अंशुल के आठ लाख रुपये थे। अंशुल अपने दोस्त संदीप से मिलने के लिए पचोखरा, टूंडला क्षेत्र के गांव प्रतापपुरा स्थित एक निर्माणाधीन कॉलेज पहुंचा। उसने अपनी लॉकेशन अपने छोटे भाई और दोस्त को भेज दी।

स्कूल में बेड पर मिला अंशुल का शव
अंशुल का भाई अनुज और उसके दोस्त बताई गई लॉकेशन पर निर्माणाधीन स्कूल में पहुंचे। स्कूल में एक बेड पर अंशुल का शव पड़ा हुआ था और बगल में एक इंजेक्शन और सीरिंज पड़े थे, हाथ में कैनुला लगा हुआ था यह कई इंजेक्शन एक साथ लगाने के लिए लगाया जाता है।
एनेस्थीसिया में इंजेक्शन होता है इस्तेमाल, हो जाती है मौत
विशेषज्ञों के अनुसार, अंशुल के बेड से जो इंजेक्शन मिला है उसका इस्तेमाल आपरेशन के दौरान मरीज को बेहोश करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसकी ज्यादा डोज देने से शरीर की मांसपेशियां रिलेक्स हो जाती हैं और काम नहीं करती हैं, इससे दिल और फेंफड़े काम करना बंद कर देते हैं, इस दौरान बाहर से आक्सीजन न मिले तो मौत हो सकती है।
दोस्त सहित परिजनों पर हत्या का मुकदमा
इस मामले में छात्र के परिजनों की तहरीर पर संदीप शुक्ला, उसके भाई पीयूष शुक्ला, पिता प्रताप नारायन शुल्का निवासी एटा रोड टूंडला के खिलाफ थाना पचोखरा में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, चौकीदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।