नईदिल्लीलीक्स..आगरा सहत देश भर में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की आशंका के बीच अब टोल बढ़ने की संभावना है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी वृद्धि का प्रस्ताव भेजा गया है।

टोल में दस प्रतिशत तक की हो सकती है बढ़ोत्तरी
एनएचएआई की टोल टैक्स में 10 प्रतिशत की वृद्धि की तैयारी है। नई दरें एक अप्रैल से लागू कर दी जाएंगी। मालवाहक वाहनों पर टोल का बोझ अधिक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। झांसी से दिल्ली यमुना एक्सप्रेस-वे से होते हुए जाने पर चार पहिया वाहनों को सात टोल नाकों पर अभी 725 रुपये टोल टैक्स अदा करना होता है, लेकिन एक अप्रैल से इसके लिए 800 रुपये तक चुकाने पड़ जाएंगे।
झांसी से लखनऊ का सफर भी होगा महंगा
इसी तरह से झांसी से लखनऊ तक का सफर भी महंगा हो जाएगा। अभी प्रदेश की राजधानी तक पहुंचने के लिए पांच टोल नाकों पर 575 रुपये चुकाने होते हैं, लेकिन एक अप्रैल से 630 रुपये तक खर्च करने पड़ेंगे।
यमुना एक्सप्रेस-वे के लिए भी भेजा गया है प्रस्ताव
यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी प्रस्तावित है। इसके लिए जेपी इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर से यमुना एक्सप्रेस- वे प्राधिकरण को प्रस्ताव भेजा गया है, जिसमें बताया गया कंपनी की ओर से एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए हाल ही में 100 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि लंबे समय से यहां टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। ऐसे में एक अप्रैल से यमुना एक्सप्रेस-वे पर भी टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी की संभावना जताई जा रही है।