
ट्रांस यमुना के सिद्धार्थ नगर में लक्ष्मी नारायण प्लाट की बाउंड्री करवाई थी। मंगलवार की सुबह भीड़ ने दीवार तोड़ दी। इसके बाद लक्ष्मी नारायण के लोग पहुंच गए और मारपीट होने लगी। स्थानीय लोगों की भीड़ और प्लॉट स्वामी के लोगों के बीच पथराव, फायरिंग हुई। करीब एक घंटे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। उसने भीड़ को हटाने की कोशिश की, तब लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। भीड़ ने पुलिस जीप को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की। गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। बाद में पुलिस ने लाठियां बरसाईं, तब माहौल शांत हुआ। लोगों का कहना है कि यह जमीन लक्ष्मी नारायण के बाबा ने स्थानीय समुदाय को दान में दे दी थी। इसका उपयोग पंचायत स्थल के रूप में पूरा समाज करता है। वहीं, लक्ष्मी नारायण का कहना है कि जमीन उसी के नाम पर है। इसलिए इसपर हक उसका है। सीओ वीएस त्यागी का कहना है कि एक दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन लोगों ने पुलिस पर हमला किया। वहीं, प्लॉट मालिक लक्ष्मी नारायण ने स्थानीय लोगों के खिलाफ प्लॉट कब्जाने और मारपीट करने का मुकदमा दर्ज करवाया है।
Leave a comment