
आवास विकास परिषद के सिकंदरा सेक्टर चार स्थित कार्यालय में सुपरवाइजर सुरेश चंद्र शर्मा निवासी सेक्टर 11, राम सिंह निवासी पथौली और रामेश्वर निवासी सेक्टर 10 ने खाना खाया, दोपहर तीन बजे उनके एक साथी ने उन्हें खाना पचाने के लिए चूरन दिया। आरोप है कि चूरन खाने के कुछ देर बाद ही तीनों की तबियत बिगडने लगी। आवास विकास परिषद के कर्मचारी सुरेश चंद्र शर्मा, राम सिंह और रामेश्वर को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, यहां सुरेश चंद्र शर्मा को म्रत घोषित कर दिया। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों के होश उड गए, उनके साथ आए कर्मचारी शव को हॉस्पिटल में छोडकर चले गए। कुछ ही देर में सुरेश चंद्र के परिजन हॉस्पिटल पहुंच गए, उन्होंने जमकर हंगामा किया। हॉस्पिटल में पुलिस फोर्स पहुंच गया।
रात को एक और सुपरवाइजर की मौत
हॉस्पिटल में भर्ती राम सिंह की रात को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, रामेश्वर की हालत गंभीर है, दो सुपरवाइजर की मौत से पुलिस प्रशासन के होश उडे हुए हैं। आवास विकास परिषद के कर्मचारी गायब हो गए हैं। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
दो मौतों से कोहराम, पुलिस तलाश रही कारण
आवास विकास परिषद के दो सुपरवाइजरों की मौत से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस छानबीन में जुटी है, आखिर जहर क्यों दिया गया, इसके लिए कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया था, जिससे सुपरवाइजर की मौत का कारण और सुबूत जुटाए जा सकें।
बेशकीमती जमीन के विवाद की चर्चा
इस मामले में बेशकीमती जमीन का विवाद बताया जा रहा है। इसे लेकर पूछताछ की जा रही है, सुपरवाइजर सुरेश चंद्र शर्मा जमीन के विवाद के मामले को देख रहे थे। परिजनों ने भी उनकी हत्या करने की साजिश के आरोप लगाए हैं, पुलिस सभी दिशाओं में जांच कर रही है।
Leave a comment