आगरालीक्स…. आगरा में छात्र का कोहनी से नीचे हाथ कट कर अलग हो गया, कटे हुए हाथ को पॉलीथिन में रखकर अस्पताल पहुंचे। 4 डिग्री टेम्प्रेचर पर कटे हाथ को रखा गया, 10 घंटे आपरेशन चला और हाथ जोड़ दिया गया।
आगरा में डौकी के गांव समोगढ़, मुस्तगील निवासी रोहित यादव (17 )पुत्र सुरेंद्र यादव कक्षा 12 वीं में पढ़ता है। वह 23 अप्रैल को आटो से स्कूल जा रहा था। वह आटो चालक के बगल में बैठा था, जिस तरफ छात्र बैठा था उसी तरफ आटो पलट गया। छात्र बाएं हाथ से आटो को पकड़ा हुआ था, हादसे में रोहित का कोहनी से नीचे का हाथ का हिस्सा कटकर अलग हो गया।

कटे हाथ को लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन
रोहित के कटे हुए हाथ को लेकर परिजन नामनेर स्थित एक अस्पताल में पहुंचे। यहां प्लास्टिक सर्जन डॉ. ओमकांत गुप्ता, डॉ. अजय सिंघल, डॉ. मनीष शर्मा डॉ. दिनेश गोयल डॉ. जेके अल्वी ने आपरेशन की सलाह दी।
10 घंटे चला आपरेशन
डॉक्टरों की टीम ने रिइम्प्लांटेशन सर्जरी की, सर्जरी 10 घंटे चली। इसके लिए कटे हुए हिस्से के मांस, नस और हडडी की सफाई की गई। 10 घंटे तक चले आपरेशन में पहले हडडी, मांस, खून की नसों सहित अन्य नसों को जोड़ा गया। ऐसे केस में आपरेशन के बाद भी हाथ को ठीक से काम करने में समय लग सकता है।
कटे हिस्से को लेकर छह घंटे तक अस्पताल पहुंच जाएं, चार डिग्री तापमान में रखें कटा हिस्सा
शरीर के कटे हुए हिस्से को पालीथिन में बांध लें, इसे पालीथिन में पानी डालने के बाद आइस बॉक्स में रख लें जिससे तापमान चार डिग्री तक पहुंच जाए। इस तरह कटे हुए हिस्से को लेकर छह घंटे तक अस्पताल पहुंच जाते हैं और सर्जरी हो जाती है तो कटे हुए शरीर के हिस्से को जोड़ा जा सकता है।