नईदिल्लीलीक्स… भीलवाड़ा में फिर तनाव गहराया। आजम खां की जमानत पर सुनवाई टली। बेटा बचाने को तेंदुए से भिड़ी मां। साथ में प्रमुख खबरें
युवक की हत्या के बाद बंद, इंटरनेट बंद

राजस्थान के भीलवाड़ा में एक बार फिर तनाव गहरा गया है। हिंदूवादी संगठनों ने एक युवक की हत्या बाद आज बंद का आह्वान किया है। पूरा शहर बंद है। इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।
हिंदूवादी संगठऩ चौराहे पर एकत्रित हुए
बंद के दौरान हिंदूवादी संगठनों के लोग एक चौराहे पर एकत्रित हो गए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर के शास्त्री नगर में आदर्श तपाड़िया नामक युवक की बाइक से रोककर तीन लोगों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से तनाव गहरा गया है।
सपा नेता आजम खां की जमानत पर सुनवाई टली

सपा नेता एवं विधायक आजम खां की जमानत याचिका पर सुनवाई टल गई है। अगली सुनवाई अब 17 मई को होगी।
जमानत मिलते ही दूसरा दर्ज क्यों हो रहा
कोर्ट ने यूपी सरकार के वकील से पूछा की एक मामले में जमानत मिलते ही दूसरा मामला दर्ज हो जाता है। अब तक 89 मामले दर्ज हो चुके हैं। ऐसा क्यो हो रहा है। इस पर वकील ने कहा कि यह गलत धारणा है। हम इस पर हलफनामा दायर करेंगे। नया मामला दो मई को दर्ज किया गया है, जिससे उनकी जमानत टल गई है।
रात में बेटे के साथ खाना खा रही थी मां
मां आखिर मां होती है। तीन साल के मासूम बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई। डंडे से मारकर तेंदुए के जबड़े से छुडा लिया। घटना महाराष्ट्र के चंद्रपुर के गांव दुर्गापुर की है। मंगलवार रात नौ बजे के करीब गांव की ज्योति अपने तीन साल के बेटे के साथ खाना खा रही थी, इसी दौरान एकाएक आया तेंदुआ बेटे पर झपट्टा मारकर उसे अपने में जबड़े में दबोच लिया।
डंडे से मार-मार कर बच्चे को छुड़ाया
इस पर ज्योति बिना पल गंवाए तेदुए से भिड़ गई और पास पड़े डंडे से तेंदुए पर हमला कर दिया।
इससे तेंदुआ बौखला गया और बच्चे को छोड़कर ज्योति पर झपट्टा मारा, जिससे वह घायल हो गई। शोर-शराबा होने पर गांव के लोगों के आने पर तेंदुआ भाग गया। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
श्रीलंका के हालात दिन प्रति दिन बदतर
श्रीलंका में हालत दिन प्रतिदिन बदतर होते जा रहे हैं। आगजनी, हिंसा के बीच लोग दाने-दाने के लिए मोहताज हो रहे हैं। दूध, दवा के साथ अनाज की किल्लत बनी हुई है। 16-16 घंटे बिजली नहीं आ रही है।
सबसे बुरे दिनों से गुजर रहा श्रीलंका
वाहनों के लिए पेट्रोल-डीजल नहीं मिल रहा है। लोग परेशान हैं। अनाज मिल जाता है तो पकाने के लिए रसोई गैस के लिए कई-कई दिन लाइन लगानी पड़ रही है। श्रीलंका अपनी आजादी के बाद से सबसे बुरे दिन देख रहा है। राजनीतिक अस्थिरता से स्थिति और गंभीर हो गई है।