आगरालीक्स…आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर चलती बस में लगी आग. बस में थी करीब 80 सवारियां. चालक की सूझबूझ से टला हादसा
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आज सुबह बड़ा हादसा होने से बच गया. मऊ से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट बस में मैनपुरी के करहल के पास आज सुबह भीषण आग लग गई. बस के अंदर 80 सवारियां थीं लेकिन चालक की सूझबूझ से सभी सुरक्षित हो गए. चालक ने समय रहते बस को रोका और सभी सवारियों को उतार दिया. बाद में बस में लगी आग को बुझाया गया.

घटना शुक्रवार सुबह की है. आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर मैनपुरी के करहल में एक ट्रेवल एजेंसी की बस करीब 80 सवारियों को लेकर मऊ से दिल्ली के लिए जा रही थी. सुबह करीब चार बजे बस जब करहल में एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 86 के पास पहुंची, तभी अचानक बस के इंजन में आग लग गई. उस समय बस के अंदर लगभग सभी यात्री सो रहे थे. चालक को डर था कि यदि सवारियों को बता दिया तो भगदड़ मच सकती है. इसलिए चालक ने बिना घबराए सूझबूझ दिखाते हुए बस को साइड से रोक दिया और इसके बाद सवारियों से अपने सामान सहित नीचे उतरने की बात कही. सवारियों को जब पता चला कि बस के इंजन में आग लग गई है तो भगदड़ मच गई लेकिन चालक और परिचालक ने शांति के साथ सभी को नीचे उतारा. इधर सूचना के बाद पुलिस मौके पर आ गई. इंजन में लगी आग को कुछ देर के बाद बुझा दिया गया. पुलिस ने यात्रियों को दूसरे वाहन में बैठाकर भेजा.