
इंटरनेट फोटो
केंद्रीय मंत्री डॉ राम शंकर कठेरिया विवि के पालीवाल परिसर स्थित केएमआई में शिक्षक हैं, मंत्री बनने के बाद से उन्होंने अवकाश ले रखा है। उनका आवास विवि के खंदारी परिसर में है, एनएसयूआई कार्यकर्ता इसका विरोध कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने यूपी में अवैध कब्जों के बारे में मेल करने के लिए कहा है, जिससे लोगों का अवैध कब्जा मुक्त कराया जा सके। इसे लेकर शुक्रवार दोपहर में एनएसयूआई कार्यकर्ता विवि के खंदारी परिसर पहुंच गए और केंद्रीय मंत्री डॉ राम शंकर कठेरिया के आवास को अवैध कब्जा बताते हुए हटाने की मांग के लिए अपने लैपटॉप से अमित शाह को मेल कर रहे थे। इसी बीच केंद्रीय मंत्री के समर्थक दो गाडियों में विवि के खंदारी परिसर में पहुंचे, यहां उनकी गाडी को गार्ड ने रोक दिया। इसी बीच एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी आ गए और गाडी को रोकने लगे। इस पर केंद्रीय मंत्री के समर्थक भडक गए। उन्होंने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की जमकर धुनाई लगाई, उन्हें दौडा दौडा कर पीटा। कुछ कार्यकर्ताओं को वे अपने साथ पकड कर ले गए।
गाडी रोकने का आरोप
केंद्रीय मंत्री डॉ राम शंकर कठेरिया के समर्थकों का कहना है कि एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने उनकी गाडी रोक दी थी, गाडी में केंद्रीय मंत्री की बेटी थी, वह आधे घंटे से गेट पर रो रही थी। इसे लेकर नोकझोंक हुई है। उधर, एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव अमित सिंह का कहना है कि अमित शाह को मेल करने से केंद्रीय मंत्री के समर्थक आपा खो बैठे और मारपीट कर दी। इस मामले में पुलिस छानबीन कर रही है। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने 100 नंबर पर फोन कर उनके साथियों को केंद्रीय मंत्री के समर्थकों द्वारा बंधक बनाए जाने के आरोप लगाए हैं।
Leave a comment