आगरालीक्स…आगरा में एक घर के अंदर बिजली के फ्यूज पैनल में बैठा था छह फुट लंबा सांप. दहशत में आ गया परिवार. स्कूल में 5 फुट लंबा विषैला कोबरा और एक अन्य घर में मिक्सर ग्राइंडर के नीचे थी गोह…ऐसे किया सब जगह रेस्क्यू
असामान्य स्थानों पर दिख रहे सांप, लोग घुमा रहे हेल्पलाइन पर फ़ोन
बोदला के एक घर में बिजली के फ्यूज पैनल से 6 फुट लंबे रैट स्नेक के रेस्क्यू से ले कर, श्री श्याम महाविद्यालय में 5 फुट लंबे विषैले कोबरा और आवास विकास कॉलोनी में घर के किचन में रखी मिक्सर ग्राइंडर के नीचे गोह, वाइल्डलाइफ एसओएस टीम के लिए यह सप्ताह एक्शन से भरपूर रहा। पूरे उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ, सांप अपने बिलों और गड्ढों से बाहर निकल घरों और कारखानों जैसे ठंडे स्थानों में शरण ले रहे हैं। ऐसे में, वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पांस यूनिट को उनकी हेल्पलाइन (+91 9917109666) पर कॉल आया की एक बड़ा सा सांप घर के बिजली के फ्यूज पैनल में घुसते देखा गया है। जैसे ही वाइल्डलाइफ एसओएस रेस्क्यू टीम को सूचना मिली, टीम को तुरंत स्थान पर भेजा गया।
सांप को फ्यूज पैनल से निकालने के दौरान टीम को बहुत सावधानी बरतनी पड़ी जिससे कोई भी हताहत ना हो। फ़्यूज़ बॉक्स को निकालने और सांप को सुरक्षित रूप से पकड़ने में टीम को लगभग एक घंटे का समय लगा। इसके तुरंत बाद, टीम को आगरा के कराहरा में श्री श्याम महाविद्यालय में एक कोबरा देखे जाने की सूचना मिली। जहरीला सांप महाविद्यालय के मीटिंग हॉल में था। चूंकि, हॉल का नवीनीकरण चल रहा है, कोबरा हॉल में एक खाली पड़ी पेंट की बाल्टी में बैठा था, जिसे बाद में वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पांस यूनिट ने सुरक्षित रूप से बचाया।

रैपिड रिस्पांस यूनिट ने आगरा के सिकंदरा स्थित कृष्णा धाम कॉलोनी में घर के ड्रेनेज पाइप से 4 फुट लंबा रैट स्नेक और आवास विकास कॉलोनी में मिक्सर ग्राइंडर के नीचे छिपी गोह को भी बचाया। सभी सरीसृपों को कुछ घंटों के लिए निगरानी में रखने के बाद उनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया।
वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा, “हमारी टीम ऐसे रेस्क्यू ऑपरेशन को संभालने में अच्छी तरह से प्रशिक्षित है, और यह सुनिश्चित करती है कि सांपों को बिना किसी नुकसान के बचाया जाए। सहायता के समय वाइल्डलाइफ एसओएस को कॉल करने के लिए हम लोगों के आभारी हैं, जिससे हम इसमें शामिल सभी लोग और जानवर की सुरक्षा सुनिश्चित कर सके।”
वाइल्डलाइफ एसओएस के डायरेक्टर कंज़रवेशन प्रोजेक्ट्स, बैजुराज एम.वी ने कहा, “सांप अपने शरीर के तापमान को बाहरी तापमान के अनुसार स्व-विनियमित करने में असमर्थ होते हैं। गर्मियों के मौसम में जब वह दिन में बहुत अधिक गर्म हो जाते है तो ठंडे स्थानों की तलाश में बाहर निकलते हैं। हर महीने, वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पांस यूनिट सांपों और अन्य जंगली जानवरों के कई रेस्क्यू ऑपरेशन करती है। यदि आपको कभी कोई जंगली जानवर संकट में दिखता हैं, तो हमारी हेल्पलाइन पर वाइल्डलाइफ एसओएस टीम को सूचना दें।