आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा में चल रही शादियों में सप्लाई के लिए आ रहा था बदबूदार खोआ. मक्खियां भिनभिना रही थीं. एफएसडीए टीम ने 1270 किलो खोआ जब्त कर कराया नष्ट
आगरा में शादियों का सीजन चल रहा है और मिठाइयों के लिए भारी मात्रा में आगरा सहित आसपास के जिलों व राज्यों से खोआ आ रहा है लेकिन यह खोआ खाने में कितना सही है इसका अंदाजा लोगों को नहीं होता लेकिन आज मंगलवार को एफएसडीए की टीम ने धौलपुर से आ रही एक गाड़ी में से खोआ की जांच की तो वह खराब निकला और उसमें से बदबू आ रही थीं और मक्खियां भिनभिना रही थीं. टीम ने गाड़ी में से 1270 किलो खोआ जब्त किया और उसे नष्ट कराया.बोलेरो मैक्स में मिली खोये की 70—70 किलो की 18 डलियां
सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) के निर्देशन में मंगलवार को शहीद नगर पुलिस चौकी के निकट एक बोलोरो मैक्स वाहन संख्या UP 82 AT 4996 का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उक्त वाहन में खाद्य कारोबारकर्ता बीपी सिंह पुत्र बलदेव सिंह, निवासी नदौरा, राजाखेड़ा, जनपद धौलपुर (राजस्थान) द्वारा परिवहित खोए की जांच की गई. मौके पर एफएसडब्ल्यू (Food Safety on Wheels) वैन के माध्यम से की गई त्वरित जांच में खोया निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया. नियमानुसार खोए के 02 (दो) विधिक नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला प्रेषित किए गए. निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि खोया अस्वच्छ एवं अनुपयुक्त परिस्थितियों में भंडारित था तथा उसमें दुर्गंध आ रही थी.
जनस्वास्थ्य के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उक्त संदिग्ध/अमानक खोए को मौके पर ही विधिवत नष्ट कराया गया. वाहन में कुल 18 डलिया खोया पाया गया, जिसमें प्रति डलिया 70 किग्रा. के हिसाब से कुल 1270 किग्रा. खोया परिवहित किया जा रहा था. उक्त खोए का मूल्य ₹210 प्रति किग्रा. के अनुसार कुल अनुमानित मूल्य ₹2,64,600/- आंका गया. कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्र विजय सिंह, जितेंद्र कुशवाहा, कृष्ण चंद्र एवं राकेश कुमार तथा खाद्य सहायक राम किशन सम्मिलित रहे.
जनपद में इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट/अमानकता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.