
पॉश कॉलोनी भरतपुर हाउस में 20 जून को राजकुमार लालवानी की कोठी में गोलीकांड हुआ, उनसे मिलने के लिए सर्राफा कारोबारी संजीव रस्तोगी आए थे। दोनों के बीच हुए विवाद के बाद गोली चली, इसमें राजकुमार लालवानी की मौत हो गई, संजीव रस्तोगी की पीठ में दो गोली लगी हैं। गोली किसने चलाई और किस तरह से यह वारदात हुई, इसकी गुत्थी सुलझी नहीं है। इससे सिंधी और पंजाबी समाज के कारोबारियों में आक्रोश है, इसे लेकर बुधवार को सिंधी सेंट्रल पंचायत और आगरा व्यापार मंडल ने एसएसपी से मिलने के लिए शाम छह बजे का समय तय किया था। एसएसपी तकरीबन 6:45 बजे तक कैंप कार्यालय पर नहीं आए। इस पर व्यापारी और समाज के लोग भड़क गए। गुरुवार से व्यापार बंद कर धरने पर बैठने का एलान कर दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने एसएसपी से फोन पर वार्ता करके इसकी जानकारी दी। इसके बाद सभी आईजी आफिस में धरने के लिए जाने लगे। कुछ देर बाद ही एसएसपी आ गए।
करोबारियों ने एसएसपी से कहा कि घटना से समाज न सिर्फ स्तब्ध है, उनमें रोष व्याप्त है। उन्होने घटना में घायल संजीव की ओर से मृतक राजकुमार पर जानलेवा हमला का केस दर्ज करने पर गुस्सा जाहिर किया। यह भी कहा कि अवैध डिब्बा कारोबार बंद हो। क्योंकि यह व्यापारिक नहीं, बल्कि सट्टे की गतिविधि है। इससे कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ है कि राजकुमार को गोलियां दूरी से मारी गई। एमआरआई से पता चला है कि उन्हें दो गोलियां लगीं। इस दौरान उद्यमी पूरन डावर, सुनील कर्मचंदानी, जितेंद्र त्रिलोकानी, हेमंत भोजवानी, श्याम भोजवानी, चंद्रप्रकाश सोनी, राकेश अग्रवाल, मृतक कारोबारी का भतीजा कमल लालवानी, भाई तुलाराम आदि मौजूद रहे। एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने कहा कि हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी।
Leave a comment