आगरालीक्स…(Photo News) आगरा के फतेहपुर सीकरी पहुंचे केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी. हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर की चादरपोशी. पांच हजार लोगों के साथ पंचमहल में करेंगे योग
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी सोमवार को आगरा के फतेहपुर सीकरी पहुंच गए. उन्होंने यहां पहुंचकर हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादरपोशी की और मुल्क के लोगों की सेहत और सलामती की दुआ की. केंद्रीय मंत्री नकवी मंगलवार को विश्व योग दिवस पर फतेहपुर सीकरी स्मारक के पंच महल में करीब पांच हजार लोगों के साथ योग करेंगे. कार्यक्रम में उनके साथ जिले के सांसद और विधायक भी शामिल होंगे. इसको लेकर पूरी तैयारियां कर ली गई हैं.
परफेक्ट हेल्थ हैम्पर है योग
फतेहपुर सीकरी पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि योग पूरी दुनिया के लिए परफेक्ट हेल्थ हैम्पर है. अच्छी सेहत ही इंसान की सबसे बड़ी दौलत होती है. योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि यह सेहत विज्ञान भी है. योग मस्तिष्क शरीर के बीच एकता कायम करता है. उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आज पूरा विश्व जोश और जुनून के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है. फतेहपुर सीकरी पहुंचने पर उन्होंने योग स्थल पंचमहल स्मारक का स्थलीय निरीक्षण भी किया. उनके आगमन से पहले डीएम प्रभु एन सिंह ने फतेहपुर सीकरी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा भी लिया.