आगरालीक्स…ताजमहल में आधा घंटे तक बंद रहे टर्न स्टाइल गेट. उसमभरी गर्मी में पर्यटक रहे परेशान. एंट्री करने के लिए लगाना पड़ा एक किमी. लंबा चक्कर
आगरा में सोमवार को ताजमहल देखने आए पर्यटकों को टर्न स्टाइल गेट बंद होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. उमसभरी गर्मी में पर्यटकों को ताजमहल में एंट्री के लिए एक किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ गया. करीब आधा घंटे तक यह समस्या बनी रही. टर्न स्टाइल गेट के बंद होने का कारण बिजली गुल होना और पावर बैकअप को लगे यूपीएस के काम नहीं करना है.

टिकट को करना होता है स्कैन
बता दें कि ताजमहल में एंट्री से पहले पर्यटकों को पूर्वी व पश्चिमी गेट पर लगे टर्न स्टाइल गेट परटिकट को स्कैन करना होता है, इसके बाद ही वह ताजमहल में जा सकते हैं. लेकिन सोमवार सुबह करीब नौ बजे बिजली चले जाने के कारण पश्चिमी गेट पर लगे टर्न स्टाइल गेट बंद हो गए. यहां लगा पावर बैकअप यूपीएस ने भी काम करना बंद कर दिया जिसके कारण टिकट स्कैन नहीं हो सकी और गेट पर पर्यटकों की लंबी लाइन लग गई.
उमसभरी गर्मी के कारण पर्यटक काफी परेशान दिखाई दिए. छोटे—छोटे बच्चे भी गर्मी में बेचैन हो गए. ऐसे में पर्यटकों को पूर्वी गेट पर जाने के लिए कहा गया, जिसके कारण पर्यटकों को करीब एक किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर वहां जाना पड़ा. एसएसआई अधिकारियों ने जानकारी होने के बाद आनलाइन बुक किए हुए टिकट मोबाइल डिवाइस से स्कैन कराने की व्यवस्था की जिसके बाद ही पश्चिमी गेट से पर्यटकों की ताजमहल में एंट्री शुरू हुई. बिजली आने के बाद ही टर्न स्टाइल गेट शुरू हो सके. यह समस्या करीब आधा घंटे तक रही.