आगरालीक्स…आगरा में युवक की हत्या में उसका पिता और दो भाई अरेस्ट. गला दबाकर की थी हत्या. रात को ही करने लगे दाह संस्कार. अधजला शव पुलिस ने किया था बरामद.
आगरा की थाना सैंया पुलिस ने युवक की हत्या के आरोप में उसके पिता और दो भाई को अरेस्ट किया है. जमीन के पैसों को लेकर तीनों ने मिलकर युवक की गला दबाकर हत्या की थी और उसके बाद रात में ही शव को दाह संस्कार करने के लिए ले गए. मृतक के ससुर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चिता से अधजला शव बरामद किया था और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

ये है पूरा मामला
थाना सैंया पुलिस द्वारा पकड़े गए मृतक के पिता ने पूछताछ में अपना नाम मवासीराम नगला छाहरी व साथ में पकड़े गए अपने दोनों बेटों के नाम सोनू व रिंकू बताए. हत्या का कारण पूछने पर मवासीराम ने बताया कि उसके तीन बेटे हैं जिसमें नेपाल जो मेरा बड़ा बेटा था, अपनी पत्नी के साथ अलग रहता था. उसकी शादी को 11 साल हो गए थे लेकिन उसके कोई संतान नहीं थी. मवासीराम अपने एक अन्य बेटे रिंकू के साथ रहता था. मवासीराम ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने अपनी जमीन बेची थी और जमीन कारुपया उसने अपने बेटे रिंकू व सोनू को दिया था. उन्होंने कहा था कि नेपाल के कोई संतान नहीं है इसको पैसे मत देना तो मैंने अपने दोनों बेटों की बात मानकर नेपाल को पैसे नहीं दिए.
इधर जमीन के पैसे न मिलने पर नेपाल मवासीराम से पैसों की डिमांड करने लगा. इस बात को लेकर आपस में झगड़ा होने लगा तो नेपाल की पत्नी अपने मायके चली गई. इसके बाद भी नेपाल पैसों को लेकर झगड़ा करने लगा. गुस्सा आने पर मैंने अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर नेपाल को बहुत मारा पीटा और फिर गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. हम उसके शव को गांव के बाहर जला दिया.
मृतक के ससुर ने दी थी पुलिस को सूचना
इस मामले में मृतक के ससुर लाल सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी उसके दामाद को उसके हिस्से का पैसा नहीं दिया गया और सभी ने मिलकर उसे मार दिया.