आगरालीक्स…आगरा में चोरी की अजीब वारदात. अलमारी का ताला टूटे बिना चोरी हो गए उसमें रखे सोने के जेवरात. रात डेढ़ बजे पहुंची पुलिस के पास सूचना
आगरा के थाना रकाबगंज अंतर्गत छीपीटोला में रहने वाली एक महिला की अलमारी से बिना ताला टूटे उसमें रखे जेवरात चोरी हो गए. परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए. देर रात डेढ़ बजे घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस इस चोरी में किसी जानकार का हाथ होने का अंदेशा जता रही है.

ये है मामला
मामला छीपीटोला में धर्मशाला का है. धर्मशाला के पास में ही शकुंतला देवी अपने परिजनों के साथ रहती है. इनके पति कमल सोलंकी की 6 साल पहले मृत्यु हो चुकी है. तीन बेटे विकास, अमित और राहुल हैं. विकास अपने परिवार के होटल में काम देखता है तो वहीं राहुल और अमित चाचा के मेडिकल स्टोर पर काम करते हैं. घर के ग्राउंड फ्लोर पर शकुंतला और राहुल रहते हैं जबकि तीसरे तल परविकास और अमित रहते हैं. दो दिन पहले राहुल अपनी ससुराल चला गया था.
शकुंतला देवी ने बताया कि बुधवार शाम को करीब सात बजे वह घर के पास ही बने मंदिर में गई थीं. वह गेट को बंद करके गई थीं. एक घंटे बाद वापस आईं तो गेट खुला हुआ था. इस पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया. रात को जब उन्होंने अपनी अलमारी चेक खोली तो देखा उसमें रखे जेवरात नहीं थे. यह देखते ही शकुंतला देवी के होशउड़ गए. उन्होंने अपने बेटों को इसकी जानकारी दी. रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस का कहना है कि घर में प्रवेश के लिए दो गेट हैं. एक पर ताला लगाया गया था जबकि दूसरे को अंदर से बंद किया गया था. ताला तोड़ा नहीं गया, कुंडी अंदर से खोली गई थी. अलमारी के लॉकर भी सुरक्षित हैं. गली में सीसीटीवी चेक किए गए लेकिन कोई नजर नहीं आया. जांच की जा रही है. वारदात के पीछे किसी परिचित का हाथ होना बताया गया है.