आगरालीक्स…आगरा में कक्षा 9वीं के दो छात्रों की पानी में डूबने से मौत. स्कूल की छुट्टी होने के बाद पांच छात्र गए थे…
आगरा में बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ है. स्कूल की छुट्टी होने के बाद कक्षा 9वीं के दो छात्र धनौली में अरावली पर्वत श्रृंखला में खुदाई से बने गहरे पानी के गड्ढे में डूब गए. बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. इस गड्ढे में बरसात का पानी भरा हुआ था और खुदाई के कारण गहरा हो गया था.रायभा में लॉर्ड शिवा पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ने वाले पांच छात्र पहाड़ों की तरफ पानी में नहाने के लिए चले गए. तीन छात्र किनारे खड़े रहे जबकि दो छात्र नगला मंशा में रहने वाला देवमोहन पुत्र ईश्वरी प्रसाद और ग्राम मूगरा के नगला धाराजीत में रहने वाला करन सिंह पुत्र रामेंद्र सिंह पानी में नहाने के लिए उतर गए. पानी में गहराई अधिक थी जिससे दोनों छात्र पानी में डूबने लगे. बाहर खड़े तीन छात्रों ने जब दोनों को डूबते देखा तो मदद के लिए शोर मचा दिया. चीख पुकार पर लोग वहां आ गए. कई युवा पानी में कूद गए. सूचना पर थाना किरावली और थाना अछनेरा पुलिस भी पहुंच गई. एसडीएम अभिनव पाठक व तहसीलदार दीपांकर भी पहुंच गए. करीब एक घंटे बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया. दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया जहां दोनों की मौत हो गई.
गांव में मचा कोहराम
एक छात्र के परिजन एसएन में ले जाने की जिद पर अड़ गए जिसके बाद पुलिस ने एसएन भिवाया गया. मृतक करन परिवार में इकलौता बेटा था और उसके पिता किसान हैं. वहीं मृतक देवमोहन दो भाइयों में बड़ा था और उसके पिता मार्बल का काम करते हैं. दो बच्चों की मौत् से दोनों गांव में शोक छा गया.