आगरालीक्स…उफ! ये आगरा की गर्मी. असहनीय हो रही धूप. दिन में दो डिग्री तो रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की अधिक बढ़ोतरी. इस दिन मिल सकती है भीषण गर्मी से निजात…
आगरा में गर्मी ने एक बार फिर से तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं. हाल ये है कि दिन के समय तो धूप का प्रभाव इतना तेज है कि उसमें एक पल ठहरना भी मुश्किल हो रहा है. लोगों का कहना है कि ऐसा लग रहा है जैसे मई जून की गर्मी दोबारा से आ गई हो. दिन में तेज धूप निकलने और शाम को हवाएं न चलने से तापमान भी बढ़ा है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा और ये सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है. अगले चार से पांच दिन भीषण गर्मी के हैं और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस तक आने की संभावना है. हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि 11 सितंबर से मौसम बदलने के आसार हैं और बारिश हो सकती है.