आगरालीक्स…आगरा की पुलिस लाइन में बनेगा एसटीएफ के लिए चार मंजिला भवन. एसएसपी ने किया भूमि पूजन. 10 सितंबर के बाद से शुरू हो जाएगा काम…
आगरा की पुलिस लाइन में एसटीएफ यानी स्पेशल टास्क फोर्स के लिए चार मंजिला भवन बनाया जाएगा. इसके लिए बुधवार को आगरा के एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने भूमि पूजन किया. 10 सितंबर को टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस भवन के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा. एक वर्ष में भवन निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

बता दें कि वर्ष 2005 में एसटीएफ की यूनिट आगरा में शुरू हुई थी. उस समय पुलिस लाइंस में ही आटा चक्की के सामने जर्जर भवन में इसका कार्यालय बना दिया गया था. अभी भी एसटीएफ का कार्यालय इसी जर्जर भवन में है. पिछले दिनों एसटीएफ के लिए नये भवन बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था जो कि स्वीकृत हो गया. अब पुलिस लाइंस में चुनाव कार्यालय के बराबर में पड़ी खाली जमीन पर चार मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा. बुधवार को इसका भूमि पूजन किया गया. इस दौरान एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार और एसटीएफ की पूरी टीम भी मौजूद रही. इस चार मंजिला भवन के निर्माण की कीमत करीब 2.84 करोड़ की है. इसमें भूतल में पार्किंग होगी तो अन्य तीन मंजिलों पर आफिस, बैरक और हवालात बनेगी.