आगरालीक्स …आगरा में एक बडे कारोबारी की पत्नी की फेसबुक आईडी शातिरों ने हैक कर ली, उनकी आईडी से फ्रेंडस को मैसेज भेजे गए, आर्थिक तंगहाली का हवाला देते हुए मदद के लिए कहा गया। इसके लिए एक बैंक एकाउंट नंबर भी मैसेज के माध्यम से भेजा गया, जिसमें पैसे जमा कराए जा सकें। एक रिश्तेदार के पास इसी तरह का मैसेज भेजा तो उन्होंने कारोबारी से संपर्क किया। इस पर मामला खुल गया, इस मामले में कारोबारी ने थाना हरीपर्वत में तहरीर दी है, साइबर सेल मामले की छानबीन में जुटी है।
हरीपर्वत क्षेत्र के एक बडे जूता कारोबारी की पत्नी फेसबुक पर सक्रिय रहती हैं। उनकी फेसबुक आईडी को साइबर क्रिमनल ने उनकी आईडी को हैक कर लिया, इसके बाद उन्होंने कारोबारी की पत्नी की आईडी से उनके फेसबुक फ्रेंडस को मैसेज भेजे। इसमें लिखा गया कि मेरे पति को कारोबार में बडा घाटा हुआ है, वे परेशान हैं, इसलिए आप उनकी आर्थिक मदद करें। मगर, प्लीज इस बारे में मेरे पति को नहीं बताना, इससे उन्हें बुरा लगेगा। इस तरह के मैसेज तमाम लोगों को कारोबारी की पत्नी की आईडी से भेजे गए। इन मैसेज में एक बैंक का एकाउंट नंबर लिखा गया, उनसे कहा गया कि आप आर्थिक मदद करना चाहते हैं तो इस एकाउंट में रुपये जमा कर दें।
व्हाटस एप पर भी भेजे मैसेज
साइबर क्रिमनल्स ने कारोबारी की पत्नी की फेसबुक के माध्यम से उनके फेसबुक फ्रेंडस के मोबाइल नंबर ले लिए, इसके बाद उनके व्हाटस एप पर मैसेज करना शुरू कर दिया, इसमें भी यही लिखा गया। सभी से कहा गया कि इस बारे में मेरे पति को नहीं बताना।
रिश्तेदार के फोन से खुला मामला
इसी तरह का मैसेज जूता कारोबारी की के एक रिश्तेदार के पास पहुंचा, उन्होंने कारोबारी को फोन किया। इससे मामला खुल गया, उन्होंने बताया कि कारोबार अच्छा चल रहा है, इस तरह का मैसेज कैसे भेज दिया गया, उन्होंने पत्नी से पूछा तो उन्होंने बताया कि मैसेज तो कोई नहीं भेजा है। छानबीन की गई तो पता चला कि उनकी फेसबुक आईडी साइबर क्रिमनल्स ने हैक कर ली है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
Leave a comment