आगरालीक्स ….आगरा के ताजमहल के 500 मीटर की परिधि से होटल, एंपोरियम और दुकान हटाने की आज अंतिम तिथि, इससे पहले डीएम करेंगे बैठक, लिया जाएगा निर्णय।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एडीए ने ताजगंज की 500 मीटर की परिधि में संचालित होटल, दुकान और एंपोरियम हटाने के लिए 17 अक्टूबर तक का समय दिया था। एडीए ने 930 होटल और दुकानों को 500 मीटर की परिधि में चिन्हित किया है। इसके बाद से कारोबारियों में खलबली मची हुई है। रविवार को कारोबारियों ने सीएम योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र से मुलाकात की। इस मामले में अपना पक्ष रखा।

आज डीएम करेंगे बैठक
डीएम नवनीत सिंह चहल का मीडिया से कहना है कि सोमवार को ताजगंज के कारोबारियों के साथ बैठक की जाएगी, इसके बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
ये दिया तर्क
कारोबारियों ने सीएम योगी के सामने अपना पक्ष रखा कहा कि एडीए की तरफ से अधिवक्ता सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान उपस्थित नहीं हुए, इसके चलते सही तथ्य सामने नहीं रखे गए हैं। कारोबारियों ने कहा कि 71 दुकानदारों की एसोसिएशन ने याचिका लगाई थी, ये सभी दुकानदार उद्यान विभाग की जमीन पर दुकान लगाते थे, इनका और ताजगंज क्षेत्र के दुकानदारों का कोई लेना देना नहीं रहा है, दोनों मामले अलग अलग हैं ।