आगरालीक्स…दिवाली पर लक्ष्मी पूजन का समय होने वाला है शुरू. इस शुभ मुहूर्त पर करें लक्ष्मी जी की पूजा. गोवर्धन और भैया दूज का भी समय जानें
प्रकाश पर्व दीपावली कार्तिक अमावस्या 24 अक्टूबर को मनाई जाएगी. इस दिन मां लक्ष्मी भगवान गणेश के साथ—साथ मां सरस्वती, भगवान कुबेर की पूजा विधि विधान से की जाएगी. मान्यता है कि दीपावली के दिन मां लक्ष्मी अपने भक्तों को आशीर्वाद देती है. अमावस्या 24 तारीख को शाम 5 बजकर 28 मिनट से प्रारंभ होकर 25 अक्टूबर को शाम 4 बजकर 18 मिनट तक रहेगी. इस दिन लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त शाम साढ़े 6 बजे से रात 8 बजकर 16 मिनट, अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 19 मिनट से दोपहर 12 बजकर 5 मिनट, अमृत काल मुहूर्त सुबह 8 बजकर 40 मिनट से 10 बजकर 16 मिनट और विजय मुहूर्त पूर्वान्ह 01 बजकर 36 मिनट से 02 बजकर 21 मिनट तक और गोधूलि मुहूर्त शाम 05 बजकर 12 मिनट से 5 बजकर 36 मिनट तक रहेगा.

26 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा
इस साल दीपावली के दूसरे दिन सूर्यग्रहण होने के कारण गोवर्धन पूजा महोत्सव एक दिन बाद 26 अक्टूबर को मनाया जाएगा. अन्नूकूट पूजा गोवध्रन पर्वत और भगवान श्रीकृष्ण से समर्पित है. कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 25 अक्टूबर शाम 4 बजकर 18 मिनट से प्रारंभ होकर 26 अक्टूबर दोपहर दो बजकर 42 मिनट तक रहेगी. गोवर्धन पूजा मुहूर्त 25 अक्टूबर को सुबह 6 बजकर 33 मिनट से 26 अक्टूबर को सुबह 8 बजकर 48 मिनट तक रहेगा.
26 को होगा भाईदूज
गोवर्धन पूजा के बाद भाई दूज का पर्व 26 अक्टूबर को मनाया जाएगा. इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाकर भाई की लंबी आयु की कामना करती हैं. भाई दूज पूजा का मुहूर्त 26 अक्टूबर को पूर्वान्ह 01 बजकर 18 मिनट से दोपहर 03 बजकर 33 मिनट तक रहेगा. इसके साथ ही दीपोत्सव का समापन हो जाएगा.