आगरालीक्स …आगरा में लिंग निर्धारण करते हॉस्पिटल संचालक सहित रैकेट के पांच सदस्यों को पकडा गया है। पीसीपीएनडीटी सेल ने स्टिंग आॅपरेशन के बाद कार्रवाई की। हॉस्पिटल संचालक, एएनएम सहित तीन दलालों को शुक्रवार को भरतपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। टीम ने हॉस्पिटल से अल्ट्रासाउंड मशीन और दस्तावेज जब्त किए हैं।
गुरुवार को राजस्थान की पीसीपीएनडीटी के डीएसपी रघुवीर सिंह ने आगरा के पुलिस अधिकारियों को स्टिंग आॅपरेशन की जानकारी दी। सुबह टीम की सदस्य पूजा कुमावत अपने साथ एक गर्भवती महिला को हिंडौन निवासी दलाल एएनएम शरबती के साथ लेकर आगरा पहुंची। यहां एएनएम शरबती ने उसकी दलाल हर्ष चौधरी, हरवीर सिंह और कैलाश से मुलाकात कराई। दलालों ने फतेहाबाद में लिंग परीक्षण कराने के लिए कहा, इस पर सभी लोग फतेहाबाद के सलीम मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचे। यहां हॉस्पिटल संचालक 78 वर्षीय अलीमुद्दीन अल्ट्रासाउंड किया और कोख में लडकी बताई। इसी दौरान टीम की सदस्य पूजा ने इशारा कर दिया, वहां पहले से तैनात पुलिस ने हॉस्पिटल संचालक अलीमुद्दीन, एएनएम शरबती सहित दलाल हर्ष चौधरी, हरवीर सिंह और कैलाश को पकड लिया। हॉस्पिटल से अल्ट्रासाउंड की मशीन, सोनोग्राफी मशीन और अन्य उपकरण जब्त कर लिए गए। राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के निदेशक नवीन जैन का कहना है कि इस आपरेशन के बारे में आगरा के डीएम गौरव दयाल और डा. प्रीतिंदर सिंह को जानकारी दे दी गई थी। दोनों अधिकारियों ने पूरा सहयोग किया।
तीन महीने पहले अमित अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पकडा था रैकेट
14 जून को राजस्थान पुलिस की पीसीपीएनडीटी सेल ने आगरा कॉलेज के सामने एमजी रोड पर स्थित अमित अल्ट्रासाउंड सेंटर का स्टिंग आॅपरेशन कर लिंग निर्धारण करते डॉ अमित गुप्ता को पकडा था। इसके बाद पुलिस ने मथुरा में भी कार्रवाई की।
थाने के पीछे था हॉस्पिटल, स्वास्थ्य विभाग का पंजीकरण
सलीम मेमोरियल हॉस्पिटल, फतेहाबाद थाने के पीछे है, इसका पंजीकरण होने की संभावना है। यह कई सालों से चल रहा था। हॉस्पिटल में आस पास के जिलों की महिलाओं के लिंग परीक्षण किया जा रहा था।
Leave a comment