नईदिल्लीलीक्स… देशभर में वर्ष 2022 में कई चर्चित शादियों ने ध्यान खींचा। जयपुर की पूजा का ठाकुरजी संग ब्याह समेत कई प्रेरणादायी शादियां..

एमए पास पूजा ने ठाकुरजी संग ब्याह रचाया
जयपुर की रहने वाली एमए पास पूजा की शादी अभी सबसे ज्यादा चर्चा में है। गोविंदगढ़ में पूजा ने भगवान विष्णु (ठाकुरजी) संग ब्याह रचाया।
ठाकुरजी को सिंहासन पर बिठा सात फेरे लिए
ठाकुरजी के नाम की मेहंदी लगाई। ठाकुरजी को सिंहासन पर बिठाकर सात फेरे लिए। मां ने सभी रस्मों को पूरा किया लेकिन पिता कन्यादान करने के लिए नहीं आए।

बेटे की मौत के बाद बहू की बेटी की तरह शादी
यूपी के सहारनपुर के बड़गांव में सांवत खेड़ी गांव के पूर्व प्रधान जंगपाल सिंह ने बेटे के निधन के बाद अपनी बहू मोना का पुनर्विवाह हरियाणा के गोलानी के रहने वाले सागर से कराया। कन्यादान किया। उपहार स्वरूप कार और लाखों रुपए का सामान भी साथ में दिया।
शादी के तीन माह बाद ही बेटे ने की थी खुदकुशी
पूर्व प्रधान जंगपाल सिंह के बेटे शुभम राणा का विवाह 2021 में मेरठ के सलावा की रहने वाली मोना से हुआ था। शादी के तक़रीबन तीन महीने बाद शुभम ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।

50 वर्षीय मां की बेटी ने करवाई शादी
मेघालय की राजधानी शिलांग की रहने वाली 50 वर्षीय मौसमी चक्रवर्ती की शादी पश्चिमी बंगाल के स्वप्न के साथ उसकी बेटी देबाती ने कराई है।
बेटी ने बड़ी होकर समझी मां की परेशानी
मौसमी के पति डाक्टर थे लेकिन बेटी के जन्म के दो साल बाद डाक्टर की मौत हो गई। जब से वह अकेली थी। बेटी देबाती बड़ी हुई तो मां को पार्टनर की जरूरत समझी और अपने एक परिचित से उनकी दोस्ती कराई फिर शादी के लिए सहमत कर लिया।

विधवा बहू का विधुर के संग कराया पुनर्विवाह
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में एक सास-ससुर रामचंद्र राठौर और गायत्री राठौर ने अपनी विधवा बहू मोनिका की पुनर्विवाह विधुर दिनेश के साथ कराई। मोनिका के पति की पांच साल पहले मृत्यु हुई थी, जबकि दिनेश की पत्नी कोरोना में खत्म हो गई थी। दिनेश पर दो बेटियां भी हैं।

गौने की रस्म के लिए बुजुर्ग दंपति की शादी
बिहार के छपरा में 70 साल के राजकुमार सिंह और 63 साल की शारदा देवी की शादी इसी साल पांच मई को कराई गई। दोनों बुजुर्ग दंपति के 8 बच्चे भी बारात में शामिल हुए थे। दरअसल यह शादी गौने की रस्म को निभाने के लिए की गई थी। 42 साल पहले दोनों का विवाह तो हुआ था लेकिन गौना नहीं होने पर अब इस रस्म को करने के लिए दोबारा शादी की।
विधवा और विधुर ने नया जीवन शुरू किया
छत्तीसगढ़ के धमतरी के रिसाई पारा के नागेश्वर मंदिर में कुरीतियों को तोड़ते हुए एक शादी हुई. जहां 32 वर्षीय कृतिलता सिन्हा और 40 वर्षीय दुर्गेश सिन्हा शादी के बंधन में बंध गए।