आगरालीक्स…आगरा में घर से लापता हुई दो छात्राओं को पुलिस ने इंस्टा आईडी के जरिए खोजा…स्कूल जाने को निकलीं थी लेकिन…
आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र से गायब दो छात्राओं को पुलिस ने तलाश लिया है और दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. पुलिस ने लापता हुईं दोनों छात्राओं को इंस्टाग्राम पर बनी आईडी के जरिए खोजा. पुलिस ने एक एक पहलू पर जांच की और इंस्टाग्राम की आईडी पर मैसेज भेजकर अपने इस अभियान को सफल बनाया.
16 दिसंबर की शाम को करीब सात बजे थाना मलपुरा पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र की रहने वाली दो छात्राएं एक कक्षा 10वीं की तथा दूसरी कक्षा 12वीं की, स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं थी लेकिन स्कूल से वापस नहीं लौटी हैं. परिजनों ने उनकी तलाश की और स्कूल में पता किया तो जानकारी हुई कि दोनों स्कूल ही नहीं पहुंची थीं. परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को पूरी जानकारी दी. पुलिस ने इस मामले को प्राथमिकता से लिया और तत्काल टीमें लगाई गईं. तीन थानों की टीमों को भी इस मामले में लगाया गया और घटना पर पूरा फोकस किया गया.
पुलिस ने सबसे पहले स्कूल जाने वाले सीसीटीवी और मेन रोड से अन्य मार्गों पर जाने वाले सीसीटीवी चेक किए. इसके अलावा दोनों के जितने भी सोशल मीडिया एकाउंट्स थे उन्हें चेक किया. इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कक्षा 12वीं की जो लड़की थी उसने अपना इंस्टा पर एक एकाउंट बनाया हुआ था. जिससे जानकारी मिली कि वह आईपीएस बनना चाहती थी. सर्विलांस और साइबर टीम द्वारा इंस्टाग्राम की आईडी को ट्रेक किया गया. पुलिस ने एक मैसेज छोड़ा जिसमें लिखा कि अगर उन्हें फाइनेंशियल कोई जरूरत हो या फिर पैसे की जरूरत या अन्य कोई परेशानी हो तो इस नंबर पर कॉल करें. पुलिस ने मैसेज में अपना नंबर छोड़ा. इस पर रिप्लाई आया तो पुलिस ने नंबर जांचा तो वह रिषिकेश में जाकर लोकेशन मिली. इस पर पुलिस ने कुछ और मैसेसेज छोड़े जिसमें कहा गया कि हमारा वंदा आपको मेरठ में मिल जाएगा वो आपको पैसे दे देगा. इस पर दोनों बच्चियां बस के जरिए मेरठ के लिए निकलीं. पुलिस ने मेरठ मुजफ्फरनगर मार्ग पर स्थित दौराला टोल प्लाजा के पास बसों की चैकिंग करना शुरू कर दिया और एक बस से दोनों बालिकाओं को बरामद कर लिया और उन्हें समझा बुझा कर उनके परिजनों को सौंप दिया.