आगरालीक्स…यात्रीगण ध्यान दें. अब आगरा में रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक बस स्टैंड पर नहीं मिलेगी कोई भी रोडवेज बस. पूरे प्रदेश में आदेश जारी. जानें क्या है मामला
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नया आदेश जारी किया गया है जो कि यात्रियों के लिए परेशानी का कारण भी बन सकता है. हालांकि जो आदेश जारी किया गया है वो यात्रियों की सुरक्षा के लिए ही है. यह आदेश है रात को 8 बजे से सुबह 8 बजे तक रोडवेज बसों को न चलाने का. आगरा सहित पूरे यूपी में रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक अब रोडवेज की बसें नहीं चल सकेंगी. इसके निर्देश जारी कर दिए गए हैं. यह आदेश आज रात से जारी कर दिए गए हैं जो कि 15 जनवरी तक जारी रहेंगे.
कोहरे के कारण फैसला
यूपी सरकार की ओर से यह आदेश कोहरे के कारण लिया गया है. बता दें कि दो दिन से कोहरा पड़ना शुरू हो गया है और इसके कारण हादसों की भी शुरुआत हो चुकी है. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार की ओर से यह आदेश जारी किए गए हें. इसके तहत अब लोग रात के समय बस से सफर नहीं कर सकेंगे. केवल सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ही बस की सुविधा यात्रियों को मिल सकेंगी. अधिकारियों के अनुसार अगर कोई बस शाम को साढ़े सात बजे रवाना होती है तो उसे आगे के लिए रवाना किया जाएगा लेकिन रास्ते में जहां पर भी कोहरा अधिक होगा, वहां पर चालक द्वारा बस को रोक दिया जाएगा और कोहरा खत्म होने के बाद ही बस आगे के लिए रवाना हो सकेगी.

पहले से बुक टिकट की गई रद
आदेश जारी होने के बाद से ही परिवहन निगम की ओर से पहले से बुक की गई टिकटों को रद कर दिया गया है.
आगरा में ये है बस स्टैंड
आईएसबीटी
ईदगाह
बिजलीघर
आगरा से चलती हैं इतनी बसें
आगरा रोडवेज की ओर से 25 एसी बसों का संचालन किया जाता है जबकि 88 से अधिक सामान्य बसें रात को चलाई जाती हैं.