आगरालीक्स…आगरा के संगीता रोड पर डाली जा रही सीवर लाइन. दुकानदार बोले—कैसे दुकानदारी हो, पूरा रोड बंद है. दुकानें—घर धंसने का आरोप लगाया…
आगरा के शाहगंज स्थित संगीता टाकीज रोड पर इस समय सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है. जेसीबी मशीन लगने से यह मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है. संगीता बाजार के दुकानदार, ठेलेवाले व अन्य व्यवसायिक पिछले कई दिनों से परेशान हैं. उनका कहना है कि सीवर लाइन के कार्य के चलते भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. दुकानदारी हो नहीं रही है. रास्ता बंद होने की जानकारी पर कस्टमर आते ही नहीं है. सबसे ज्यादा परेशानी तुलसी देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं को हो रही है. उन्हें स्कूल जाने और आने के लिए परेशानी हो रही है. या तो वे यहां मिट्टी से होकर निकलें या फिर लंबा चक्कर लगाकर आएं.

घर—दुकानों के नीचे पानी आने से जमीन धंस रही
इसके अलावा दुकानदारों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सीवर लाइन के काम के चलते ठेकेदार द्वारा जल संस्थान के कई घरों के कनेक्शन टूट गए हैं. शिकायत पर ठेकेदार ने कनेक्शन पूरी तरह से सही कराने के बाद ही सीवर लाइन का काम शुरू करने की बात कही थी लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है. आरोप है कि जल संस्थान के कनेक्शन टूटने से क्षेत्रवासियों के घर जमीन में धंस रहे हैं. कनेक्शनों का लीकेज पानी दुकानों के नीचे जा रहा है जिससे दुकानें भी बैठ रही हैं. ठेकेदार की इस लापरवाही से व्यापारियों में रोष व्याप्त है.