आगरालीक्स…. आगरा में चलेगा आपरेशन धर्मशाला, 10 मकान किए जाएंगे ध्वस्त, टीला माईथान हादसे के लिए एडीए को माना दोषी, शासन को भेजी रिपोर्ट, जानें किस तरह मकान होंगे ध्वस्त।

26 जनवरी को टीला माईथान में 100 साल से अधिक पुरानी धर्मशाला के बेसमेंट में खोदाई के चलते तीन मकान और एक मंदिर ढह गए थे, हादसे में चार साल की बालिका की मौत हो गई थी। इस मामले में धर्मशाला के ट्रस्टी राजू मेहरा, बिल्डर हरेश शर्मा और खोदाई का काम कर रहे ठेकेदार राघवेंद्र उपाध्याय को पुलिस ने अरेस्ट कर जेल भेज दिया। डीएम नवनीत सिंह चहल ने संयुक्त टीम से पूरे प्रकरण की जांच कराई।
एडीए को दोषी मानते हुए शासन को भेजी रिपोर्ट
इस मामले में जांच के बाद डीएम नवनीत सिंह चहल ने एडीए को दोषी माना है, एडीए ने धर्मशाला की जगह पर तीन मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का नक्शा पास कर दिया। आस पास के मकान ढह सकते हैं यह नहीं देखा गया। खोदाई का काम शुरू हो गया तो एडीए के कर्मचारियों ने निगरानी नहीं की, खोदाई के चलते मकानों में दरार भी आ गई। नोटिस भी किसी दूसरे राजू मेहरा को थमा दिया।
10 मकान किए जाएंगे ध्वस्त
पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एडीए, टोरंट की टीम द्वारा सर्वे कराया गया। टीम ने धर्मशाला से सटे 10 मकानों को ध्वस्त करने की संस्तुति की है। नगर निगम को नोडल बनाया गया है, इनके द्वारा मकानों को ध्वस्त किया जाएगा।
39 मकान असुरक्षित, घर कराए गए खाली
धर्मशाला के पीछे बने 39 मकान असुरक्षित हैं, इन्हें चिन्हित किया गया है। इन मकानों को खाली करा लिया गया है। मकानों पर लिख दिया है कि ये असुरक्षित हैं और लाल निशान लगा दिया गया है। यहां रह रहे लोगों को शेल्टर होम में रहने के लिए कहा है, कुछ किराए के मकान में रह रहे हैं।