आगरालीक्स…आगरा में सनसनीखेज वारदात. दूल्हे की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग. बाइक सवार पांच हमलावरों ने चलाई गोलियां…
आगरा में बुधवार को सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. थाना सदर के उखर्रा रोड पर एक दूल्हे की गाड़ी पर बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दी. इससे वहां पर दहशत फैल गई. राहत की बात ये है कि दूल्हा कुछ समय पहले ही अपने दोस्तों के साथ एक सैलून पर गया था. इधर जानकारी होने पर दूल्हे के होश उड़ गए. गोलियां चलने से दहशत फैल गई और हमलावर इसके बाद तमंचे लहराते हुए भाग निकले. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं.
राजनीतिक पार्टी से भी जुड़ा है दूल्हा
थाना ताजगंज के कोटली बगीची भीम नगर में राहुल सागर रहता है. राहुल एक राजनीतिक पार्टी से भी जुड़ा बताया गया है और उसकी स्कूल ड्रेस के होलसेल का काम है. राहुल सागर के अनुसार बुधवार की शाम को उसकी बारात इरादतनगर जानी है. इस पर वह अपनी स्कॉर्पियो से उखर्रा पुलिया सिथत एक सैलून पर गया था. उसके साथ उसका दोस्त जितेंद्र भी था. गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी करके वह सैलून में चले गए.

बताया जाता है कि इसी दौरान दो बाइक पर पांच सवार आए और उन्होंने अपने पास मौजूद हथियारों से गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करना श्ुारू कर दी. दिनदहाड़े गोलियां चलने से वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई बाइक सवार हमलावर हाथों में तमंचे लहरा रहे थे और लोगों को भी धमकी देने लगे. इसके बाद हमलावर उखर्रा मार्ग से कोटली बगीची की ओर भाग निकले.
इधर घटना की जानकारी मिलने पर राहुल सागर सैलून से बाहर निकला तो उसके होश उड़ गए. उसने अपनी स्कॉर्पियो से हमलावरों का पीछा करना चाहा लेकिन आसपास के लोगों ने हमलावरों के पास तमंचा होने की बात कहकर उन्हें रोक दिया. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं. इधर राहुल का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है. पुलिस के अनुसार मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों की तलाश की जा रही है.