आगरालीक्स…स्कूलों में नया सेशन कल से शुरू. पेरेंट्स का बदलेगा रूटीन, जल्दी जागकर बच्चों को करना होगा तैयार
कल एक अप्रैल से आगरा के अधिकतर स्कूलों में नया सत्र शुरू होने जा रहा है. हालांकि बहुत से स्कूलों में नया सत्र 3 अप्रैल से शुरू हो रहा है लेकिन नये सत्र के साथ ही स्कूलों ने अपनी टाइमिंग बदल दी है. स्कूलों ने अपना नया टाइम सुबह साढे सात बजे से कर दिया है. ऐसे में बच्चे को तैयार करने और उन्हें समय पर स्कूल भेजने के लिए पेरेंट्स को अपना रूटीन चेंज करना होगा.

अभी तक 9 बजे तक का था टाइम
स्कूलों में सर्दियों में टाइम सुबह 10 बजे का कर दिया गया था लेकिन मौसम थोड़ा सा सामान्य होने के बाद स्कूलों द्वारा टाइम को 9 बजे तक का कर दिया गया था. अधिकतर स्कूलों में फाइनल एग्जाम्स भी सुबह 9 बजे से हुए हैं. लेकिन अब नये सत्र से टाइम 8 बजे से पहले हो गया है.
बच्चों में उत्साह, लेकिन पेरेंटस को टेंशन
कल से नया सत्र शुरू होने को लेकर बच्चों में तो उत्साह है. नई क्लास और नई बुक्स के साथ बच्चे अपने स्कूल के दोस्तों से मिलने को बेकरार हैं. लेकिन बच्चों के पेरेंट्स में थोड़ी सी टेंशन है क्योंकि उन्हें अपना रूटीन बदलना होगा. सुबह 6 बजे तक उन्हें उठना होगा और इसके बाद बच्चे को स्कूल के लिए तैयार करना, उनका लंच बॉक्स तैयार करना तथा स्कूल ले जाने के लिए पेरेंट्स को टाइम निकालना होगा.