आगरालीक्स…आगरा में कोरोना के 3 नये केस मिले. स्टार होटल की अधिकारी, डॉक्टर और सफाई कर्मचारी मिले कोरोना पॉजिटिव…संपर्क में आए लोगों के लिए गए सैंपल
पिछले कुछ दिनो से आगरा में कोरोना के मामले बढ़े हैं. आज शुक्रवार को आगरा में कोरोना के तीन नये केस मिले हैं. इसमें एक होटल की अधिकारी, डॉक्टर और सफाई कम्रचारी शामिल है. स्वास्थ्य विभाग ने तीनों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए हैं और उन्हें जांच के लिए भेजा है. आगरा में अब तक 8 लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं.

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शुक्रवार को आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित फाइव स्टार होटल की महिला अधिकारी में कोरोना की पुष्टि हुई है. वह दिल्ली से आगरा आई थी. यहां सर्दी जुकाम होने पर उन्होंने निजी लैब में अपनी जांच कराई जिसमें कोरोना मिला है. इसके अलावा जिला अस्पताल के एक डॉक्टर को भी दो-तीन दिन से सर्दी जुकाम हो रहा था. जांच करने में कोरोना की पुष्टि हुई है. तीसरा व्यक्ति दयालबाग में मिला है जो कि सफाई कर्मचारी है. दयालबाग के एक अपार्टमेंट में मिले 70 वर्षीय बुजुर्ग के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर इनके संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए गए थे जिसमें यह सफाई कर्मचारी भी शामिल था. शुक्रवार को इसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है. स्वास्थ्य विभाग ने इन तीनों के संपर्क में आए 25 लोगों की सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं.