आगरालीक्स…आगरा में कूड़ा जलता मिला तो दर्ज होगी एफआईआर. एक महीने में हुईं 4 एफआईआर. मंडलायुक्त ने कहा—हर हफ्ते भेजी जाए एयर क्वालिटी की रिपोर्ट
टीटीजैड प्राधिकरण की 60वीं बोर्ड बैठक सोमवार को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में हुई. बैठक में सबसे पहले प्राधिकरण की पिछली 59वीं बोर्ड बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई तथा उसकी अनुपालन आख्या की समीक्षा की. बैठक में आयुक्त महोदय को बताया गया कि एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 तक सिंगल यूज प्लास्टिक/थर्माकोल 1753.04 किलोग्राम जब्त कर रु. 1152000 तथा 36599.80 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त कर रू0 2505940, का जुर्माना वसूला गया. कूड़ा जलता पाए जाने पर कुल 07 एफआईआर (अज्ञात) कराई गई. नगर निगम ने बीते अप्रैल महीने में ही सिंगल यूज प्लास्टिक/थर्माकोल 15 किलोग्राम जब्त कर रु.31 हजार का जुर्माना, 06 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त कर 18500 का जुर्माना लगाया गया है तथा कूड़ा जलता पाए जाने पर 04 एफआईआर दर्ज कराई गई.

आयुक्त ने कड़ाई से निर्देश दिए कि शहर में कूड़े के ढेर में लेदर व पेठा के अपशिष्ट डालने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाएं तथा कहीं भी कूड़ा जलाने की घटना न हो, उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सफाई कर्मी या सामान्य जन कूड़ा जलाते पकड़े जाएं उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही हो. सिल्ट सफाई के बाद उसके निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था की जाए. ग्रामीण क्षेत्रों में भी कूड़ा जलाये जाने पर कार्यवाही करने को सभी एसीएम व एसडीएम को निर्देशित किया. बैठक में केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा आईआईटी कानपुर से तैयार करायी गयी ताजमहल केन्द्रित स्टडी के प्ररिप्रेक्ष में एक्शन प्लान एवं इसकी प्रगति की समीक्षा की गयी, जिसमें बताया गया कि आगरा शहर के वायु प्रदूषण के नियंत्रण एवं सुधार हेतु करायी गयी स्टडी में उल्लिखित कन्ट्रोल आप्शन्स एवं एक्शन प्लान के बिन्दुओं पर सभी विभागों को कृत कार्यवाही की आख्या उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए गये, जिसमें पुलिस अधीक्षक यातायात, सामाजिक वानिकी प्रभाग, संभागीय परिवहन कार्यालय इत्यादि की अनुपालन आख्यायें उपलब्ध हो गयी हैं, जिस पर मण्डलायुक्त महोदय ने एयर क्वालिटी रिपोर्ट प्रति सप्ताह मण्डलायुक्त महोदय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
बैठक में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल एवं नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़, डीएफओ आदर्श कुमार, अपर जिलाधिकारी (नगर) अनूप कुमार, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी विश्वनाथ शर्मा, उपायुक्त उद्योग अनुज कुमार, एआरटीओ प्रर्वतन बन्दना सिंह सहित अन्य संबंधित मण्डलीय अधिकारी व टीटी जैड प्राधिकरण के सदस्य आदि उपस्थित रहें.