आगरालीक्स…आगरा की बैंकों में मंगलवार से आसानी से दो हजार के नोट बदले जा सकेंगे। केवाईसी और फार्म भरने की भी नहीं होगी जरूरत। अफवाहों को लेकर रहें सजग।

नोट बदलने पर फार्म भरने की बात अफवाह
दो हजार के नोट चलन से बाहर करने की घोषणा के बाद से अफवाहों का बाजार भी गर्म है, कहा जा रहा है कि बैंकों में दो हजार का नोट आसानी से नहीं बदला जाएगा। लोगों को एक फार्म भरना होगा लेकिन ऐसा बिलकुल नहीं हैं। आसानी से बदलेंगे नोट।
बैंकों में आसानी से बदले जाएंगे नोटः पंकज शर्मा

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया आगरा आफीसर्स एसोसिएशन के डीजीसी पंकज शर्मा के मुताबिक दो हजार रुपये के 10 नोट (20 हजार रुपये) मंगलवार से बैंकों में आसानी से बदले जा सकेंगे कोई भी व्यक्ति बैंक के कैश काउंटर पर जाकर नोट को बदलवा सकता है।
केवाईसी जमा करने का आदेश भी वापस, फॉर्म-3 भी नहीं भरा जाएगा
उन्होंने दो हजार का नोट बदलने के लिए फार्म भरे जाने के संदर्भ में बताया कि आरबीआई ने पहले केवाईसी जमा कराने के आदेश किए थे लेकिन अब नये और संशोधित आदेश में नोट बदलने वाले व्यक्ति से किसी प्रकार की केवाईसी जमा नहीं कराई जाएगी और न ही फार्म-3 को भरवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले जब पांच सौ और एक हजार रुपये के नोटबंदी हुई थी, उसी समय बैंक के खाताधारकों की केवाईसी जमा कराई जा चुकी है। बैंक समय-समय पर केवाईसी अपडेट कराते हैं। ऐसे में दो हजार का नोट बदलने पर किसी प्रकार की केवाईसी की भी जरूरत नहीं होगी।