आगरालीक्स…आगरा रीजन में दिनदहाड़े बड़ी वारदात. कारोबारी के कर्मचारी से बाइक सवारों लूटी लाखों की चांदी.
आगरा रीजन के मथुरा जिले में बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है. बाइक सवार बदमाशों ने एक कारोबारी के कर्मचारी से दिनदहाड़े सात लाख रुपये की चांदी की लूट की वारदात को अंजाम दिया है. सूचना पर खुद एसएसपी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर लुटेरों की गिरफ्तारी में टीमें लगाई हैं.

घटना बैरागपुरा ढोल के पास की है. आज दोपहर को यहां मोतीलाल नामक कर्मचारी स्कूटी से दुकान पर करीब सात लाख रुपये की चांदी को लेकर आ रहे थे. दोपहर को गली में दुकान से कुछ दूर पहले ही बाइक पर आए दो लुटेरों में से एक ने उनकी स्कूटी पर रखा थैला लूट लिया और जाने लगा. इस पर वह स्कूटी छोड़कर लुटेरे के पीछे दौड़ा और एक को पकड़ लिया लेकिन दूसरे लुटेरे ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया जिसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले. सूचना पर चांदी कारोबारी जिसके यहां मोतीलाल काम करते हैं गोपेश पुत्र प्रभुदयाल गुप्ता मौके पर आ गए.
सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस एसएसपी शैलेश पांडेय मौके पर पहुंचे और लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए कॉम्बिंग कराई. लेकिन हाथ नहीं आ सके. एसएसपी ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं. कहा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.