आगरालीक्स…आगरा में कारोबारी के घर 40 लाख की चोरी का खुलासा. चोरी करने वाला वो निकला जिसे जानकार सभी रह गए सन्न
आगरा के थाना शाहगंज के शिवाजी नगर में शू कारोबारी के घर हुई 40 लाख की चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. पुलिस ने कारोबारी के घर ठहरी रिश्तेदार युवती से जब कड़ी पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. पूछताछ के बाद पुलिस ने युवती और युवती के प्रेमी की निशानदेही पर चोरी किए गए नकदी व जेवरात बरामद कर लिए हैं.

घटना 10 जून की है. थाना शाहगंज के शिवाजी नगर में शू मैटैरियल कारेाबारी मुन्नालाल अपने परिवार के साथ रहते हैं. 10 जून को वह अपने छोटे बेटे के साथ दुकान पर थे और बड़ा बेटा अपनी पत्नी को दिखाने डॉक्टर के पास गया था. घर में कारोबारी की पत्नी सीमा, वृद्ध सास और रिश्तेदार की बेटी पूजा थी. यहां घर में पता चला कि अलमारी की तिजोरी खुली हुई है. तिजोरी के अंदर से जेवर व नकदी गायब होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने कॉलोनी और घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए.
पुलिस को किसी भी सीसीटीवी में कोई भी घर के अंदर आता हुआ नहीं दिखाई दिया. इस पर पुलिस का शक घर के ही किसी व्यक्ति पर अटक गया. पुलिस ने जब रिश्तेदार युवती से कड़ी पूछताछ की उसने सच उगल दिया. युवती पूजा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था. पुलिस अभी और पूछताछ कर रही है.