आगरालीक्स….ये हैं आगरा के लक्ष्य गुप्ता, 11वीं में पढ़ने वाला यह स्टूडेंट आइसक्रीम भी बेचता है और पढ़ाई भी करता है…मंजिल है-एक अच्छा इंजीनियर बनना
सफलता उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है….यह कहावत आगरा के एक छात्र लक्ष्य गुप्ता पर बिल्कुल सटीक बैठती है. नाम भी लक्ष्य और काम भी लक्ष्य. 11वीं में पढ़ने वाले लक्ष्य इंजीनियर बनना चाहते हैं लेकिन परिवार की माली स्थिति कोई खास अच्छी नहीं है, जैसे तैसे गुजारा हो पाता है. ऐसे में लक्ष्य ने ठान लिया कि वह अपनी पढ़ाई करेगा और मेहनत भी करेगा. लक्ष्य का सपना है कि वो बड़ा होकर एक अच्छा इंजीनियर बने लेकिन इसके लिए पढ़ाई में एकाग्रता जरूरी है और परिवार को भी देखना है तो उन पर अपनी पढ़ाई का बोझ नहीं डाल सकता. ऐसे में लक्ष्य ने आइसक्रीम का ठेला लगाना शुरू कर दिया है. दिन में स्कूल जाता है और पूरा दिन फिजिक्स, कैमेस्ट्री और मैथ की कोचिंग के बाद शाम को ठेल लगाकर आइसक्रीम बेचता है. इसकी कमाई से वो अपनी फीस जमा कर पाता है.

लक्ष्य गुप्ता ठेले पर अपनी कॉपी किताब भी साथ लेकर जाता है और समय मिलते ही ठेले की रोशनी में ही पढ़ाई शुरू कर देता है. लक्ष्य के पिता और बड़े भाई भी आइसक्रीम बेचते हैं, पर उनकी कमाई इतनी नहीं है कि वह लक्ष्य की पढ़ाई पूरी करवा पाते. इसलिए लक्ष्य ने खुद ही परिवार का साथ देते हुए आइसक्रीम बेचने का काम शुरू कर दिया. करीब पांच सात साल से लक्ष्य इसी तरह अपनी पढ़ाई कर रहा है. छोटी सी उम्र में ही वो अपने खर्चे खुद उठा रहा है. लक्ष्य की चर्चा पूरे क्षेत्र में है और वह बच्चों का रोल मॉडल भी बन गया है.