आगरालीक्स…आगरा में छोटे—छोटे बच्चे हार्ट पेशेंट हो रहे हैं. निशुल्क ओपीडी में 38 बच्चों के हार्ट की जांच की गई. इनमें से 8 का आपरेशन होगा. डॉक्टरों ने बताए लक्षण और बचाव
आगरा विकास मंच की ओर से बुधवार को निःशुल्क ओपीडी में 38 बाल हृदय रोगी देखे गए। इनमें से आठ बालकों का चयन ऑपरेशन के लिए किया गया। एस्कॉर्ट फॉर्टिस दिल्ली के प्रमुख बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज अवस्थी ने सभी बच्चों की जांच की। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों में हृदय रोग के लक्षण एवं उनके बचाव के विषय में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक लक्षणों को पहचान लिया जाए तो अधिकांश मामले में हृदय के ऑपरेशन की जरूरत नहीं पड़ेगी। ओपीडी खतैना रोड, लोहांमडी में लगाई गई।

डॉ. अवस्थी ने बताया कि बार-बार निमोनिया होना, बच्चे में नीलापन आना, दुग्धपान के समय सांस फूलना, वजन ठीक से न बढ़ना हृदय रोग के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण अन्य रोगों में भी मिलते हैं। निकटस्थ बाल रोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए। ईको, ईसीजी परीक्षण से 90 फीसदी बच्चों में स्पष्ट हो जाएगा कि हृदय रोग है या नहीं। 50 परसेंट केसेज में ऑपरेशन की जरूरत पड़ती है, जो आगरा विकास मंच कई वर्षों से करा रहा है। उन्होंने बताया कि अगर सही समय पर इलाज हो जाए तो हृदय रोगी बच्चा सामान्य बच्चों की तरह काम करता है।
इससे पूर्व डॉक्टर नीरज अवस्थी का स्वागत आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन एवं सयोजक सुनील कुमार जैन ने माल्यार्पण कर किया। बाल हृदय रोगियों का प्रातः से ही आना शुरू हो गया था। कुल रक्त जांच, ईसीजी एवं ईको जांचें निःशुल्क की गईं। डॉ. नीरज अवस्थी के साथ डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. रमेश धमीजा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण जैन, डॉ. विजय कत्याल ने भी अपना निःशुल्क परामर्श दिया।

मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन और संयोजक सुनील कुमार जैन न बताया कि अगली ओपीडी जुलाई माह के अंत में लगेगी। इसमें दिल्ली के हृदय रोग विशेषज्ञ आएंगे। सुशील जैन, संदेश जैन, जयराम दास, पंकज अग्रवाल ने व्यवस्था संभाली।