आगरालीक्स….आगरा में यमुना एक घंटे में एक इंच बढ़ी. गोकुल और ओखला बैराज से छोड़ा गया ढाई लाख क्यूसेक पानी. हालात और विकराल, हाई अलर्ट…वीडियो देखें
आगरा में यमुना ने अब डराना शुरू कर दिया है. हर घंटे यमुना की स्थिति विकराल हो रही है. एक घंटे में यमुना का जलस्तर एक इंच तक बढ़ा है. गोकुल बैराज और ओखला बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है. जिसके कारण यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है. आगरा में स्थिति अब और ज्यादा खतरनाक होने लगी है. आज शाम 5 बजे तक जहां यमुना का जलस्तर 497.8 फीट हो गया था वो शाम 6 बजे एक घंटे बाद 497.97 फीट हो गया.. लो फ्लड लेवल 495 फीट है. ऐसे में अब यमुना खतरे के निशान से तीन फीट ऊपर पहुंच गई है. हालांकि मीडियम फ्लड लेवल 499 फीट तो हाई फ्लड लेवल का मार्क 508 फीट है. आने वाले दो दिन काफी खतरनाक हो सकते हैं.
यमुना अब खतरे के निशान से करीब तीन फीट ऊपर बह रही है जिसके कारण यमुना का पानी अब कई इलाकों में घुसकना शुरू हो गया है. आगरा के कैलाश घाट पर यमुना का पानी घरों में घुसना शुरू हो गया है. प्रशासन ने अलर्ट को देखते हुए यहां 9 घरों को खाली कराया है. तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है. दयालबाग में भी अब यमुना का पानी बढ़ने लगा है. राजश्री गार्डन के पास यमुना का पानी पहुंचना शुरू हो गया है तो वहीं पोइया घाट पर श्मशान घाट तक यमुना का पानी पहुंच गया है. इसके अलावा मेहताब बाग पर बने ताज व्यू प्वाइंट में भी यमुूना का पानी आ गया है. काफी बड़ा क्षेत्र यहां का डूब गया है. इसको देखते हुए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल और अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र सिंह ने निरीक्षण कर पर्यटको के प्रवेश को बंद करने के निर्देश दिए हैं.