आगरालीक्स …आगरा में कारोबारी ने अपने ही सगे भाई की हत्या पांच लाख रुपये शार्प शूटरों को देकर करवा दी, रिश्तों को तार तार करते भाई की करतूत
आगरा के बल्केश्वर की सीताराम कॉलोनी निवासी सर्राफ रामकुमार अग्रवाल की 19 मार्च की रात को लंगड़े की चौकी बाइपास के पास बाइक सवारों ने हत्या कर दी थी। वह कोतवाली के चौबेजी का फाटक अपनी फर्म से कर्मचारी जुगल के साथ लौट रहे थे। हत्यारों ने उनको दो गोलियां मारी थीं।
मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि हत्या की साजिश रामकुमार के छोटे भाई हरीश अग्रवाल उर्फ सोनू ने रची थी। हरीश ने पूछताछ में बताया कि वह सट्टे लगाने के साथ डब्बा कारोबार चलाता था। घाटे से उस पर चार करोड़ रुपये से अधिक कर्ज हो गया था। बड़े भाई ली पायल के संचालक रामकुमार अग्रवाल ने मदद से हाथ खींच लिए। अपना कारोबार अलग कर ससुराल वालों के साथ फर्म बना ली। इससे वह दिवालिया होने की कगार पर पहुंच गया। इससे उबरने को बड़े भाई की हत्या की साजिश रची। रामकुमार के दोनों बच्चे छोटे हैं जिससे वह उनकी प्रोपर्टी का कब्जा कर सकता था। पुलिस ने हत्यारोपी हरीश अग्रवाल उर्फ सोनू, गौरव गुप्ता और डॉक्टर विकल छाबड़ा निवासी बल्केश्वर, मुरारी बघेल निवासी मुहल्ला गोह खेड़ा शिकोहाबाद, प्रभात यादव उर्फ पिंकू निवासी लेबर कॉलोनी शिकोहाबाद। जबकि
अंशुल गुप्ता निवासी बड़ा बाजार शिकोहाबाद, बंटू, भूरी सिंह निवासी कटरा मीरा शिकोहाबाद, रिंकू उर्फ जितेंद्र उर्फ शहंशाह निवासी आदर्श नगर शिकोहाबाद, सोनू ठाकुर निवासी गुलाब बड़ी शिकोहाबाद और मिथुन निवासी मुहल्ला खेड़ा शिकोहाबाद फरार हैं।
डॉक्टर और दोस्त ने उपलब्ध कराए शूटर
हरीश ने बताया कि भाड़े के हत्यारों के लिए उसने बचपन के दोस्त गौरव गुप्ता और दंत चिकित्सक विकल छाबड़ा की मदद ली। दोनों के माध्यम से फीरोजाबाद के थाना लाइनपार अंशुल गुप्ता से संपर्क किया। अंशुल ने पांच लाख रुपये में सर्राफ के हत्या की सुपारी रिंकू उर्फ शहंशाह को दिलाई थी। इसमें दो लाख रुपये पेशगी और बाकी रकम काम होने के बाद देना तय हुआ था।
ऐसे की हत्या
सर्राफ रामकुमार के चौबेजी का फाटक से निकलते ही गौरव गुप्ता ने एक्टिवा से पीछा किया। वह शूटरों शहंशाह, प्रभात और सोनू ठाकुर को मोबाइल पर सर्राफ की लगातार लोकेशन देता रहा। लंगड़े की चौकी बाइपास से बल्केश्वर मार्ग पर पहुंचते ही रिंकू और सोनू ठाकुर ने रामकुमार को ताबड़तोड़ दो गोली मारकर हत्या कर दी।
Leave a comment