आगरालीक्स…लव मैरिज ने मेरी जिंदगी खराब कर दी. हर घंटे पत्नी मांगती थी लोकेशन. नई कार दी गिफ्ट में लेकिन फिर भी झगड़ती थी…
आगरा रीजन के टूंडला थाना क्षेत्र के गोल्डन सिटी कॉलोनी में हुई विवाहिता की हत्या उसके ही सीए पति ने गोली मारकर की थी. पुलिस ने बेड में फंसी गोली बरामद कर ली है और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया. आरोपी पति का कहना है कि दो साल पहले लव मैरिज की थी लेकिन पत्नी हर घंटे उससे लोकेशन मांगती, नई कार तोहफे में उसे दी लेकिन फिर भी झगड़ती थी. पुलिस अभी आरोपी पति से और पूछताछ कर रही है.
गोल्डन सिटी कॉलोनी में रहने वाली 22 साल की ममता का शव कमरे में पड़ मिला था. पति उदयप्रताप ने पुलिस को बताया था कि जब वह रात को एक बजे रामलीला देखकर घर आया तो दरवाजे खुले थे. उसकी पत्नी अचेत थी और उसके सीने पर गहरे घाव थे. पड़ोसियों की मदद से निजी अस्प्ताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पति ने ही पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस इस मामले की पूरी तरह से जांच कर रही थी.
पुलिस पूछताछ में पता चला कि उदय प्रताप ने ममता से दो साल पहले लव मैरिज की थी, जबकि उदय प्रताप पहले से शादीशुदा था. पांच साल पहले उसकी शादी एटा की रहने वाली शालू से हुई थी जिससे उसको एक दो साल का बेटा भी है. लेकिन इसके बाद उसने दो साल पहले हिम्मतपुर की रहने वाली ममता से प्रेम विवाह कर लिया. पुलिस इस हत्याकांड के खुलासे में लगी थी. पीएम रिपोर्ट में ममता की मौत गोली लगने से बताई गई. इसके बाद पुलिस ने सीए पति से कड़ी पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी. उदय प्रताप ने बताया कि उसी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी की हत्या की थी. मंगलवार को शाम सात बजे ही उसने पत्नी की हत्या कर दी जिसके बाद वह टूंडला में एक बर्थडे कार्यक्रम में शामिल हुआ था. वहां से रामलीला देखने चला गया था. रावण वध होने के बाद ही रात 12 बजे घर लौटा था. घर में चोरी की भी झूठी कहानी बनाई.