आगरालीक्स…आगरा की यूनिवर्सिटी में शुरू होंगे बीएससी कृषि और बीएएलएलबी, एलएलबी, कम्युनिटी हेल्थ न्यूट्रिशन कोर्स. इनके अलावा ये भी लिए गए अहम फैसले
आगरा के आंबेडकर विवि में बीएससी कृषि और बीएएलएलबी, एलएलबी, कम्युनिटी हेल्थ न्यूट्रिशन कोर्स होंगे शुरू। गुरुवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पालीवाल परिसर स्थित जुबली हॉल में कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में विद्या परिषद की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। विद्या परिषद की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विचार एवं अनुमोदन प्रदान किए गए। इसमें रिसर्च एडवाइजरी कमेटी की बैठकों में लिए गए निर्णयों के आधार पर विचार कर अनुमोदन प्रदान किया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में संचालित किए जाने हेतु विभिन्न संस्थाओं एवं विभागों द्वारा प्रस्तुत वैल्यू एडेड कोर्सों पर भी मुहर लगा दी।
विश्वविद्यालय छलेसर परिसर में बीएससी(कृषि) और सुल्तानगंज की पुलिया में बीएएलएलबी, एलएलबी प्रारंभ किए जाने के संबंध में अनुमोदन प्रदान किया गया। क्रिस्प के माध्यम से सात महाविद्यालयों में नये कौशल अन्तर्निहित डिग्री कोर्सेज आरंभ किए जाने के संबंध में शासन द्वारा प्राप्त पत्रों को अंगीकार कर लिया। विवि के गृह विज्ञान संस्थान में मूक कोर्स के तहत कम्यूनिटी हेल्थ न्यूट्रिशन को शुरू कराने पर मुहर लगा दी। विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी द्वारा प्रस्तुत विभिन्न 49 पॉलिसी एवं ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट पॉलिसी पर विचार विमर्श कर अनुमोदन प्रदान किया गया। साथ ही विश्वविद्यालय के 10 वर्ष के विजन मिशन के संबंध में विचार विमर्श भी किया गया। बैठक में प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा, कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश, वित्ताधिकारी सुदर्शन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।