आगरालीक्स… आगरा का एक ऐसा बाजार जैसे रद्दी के भाव मिल रहे हों काजू-बादाम, आलू-टमाटर की तरह खरीदने के लिए लगती है भीड़, जानें अखरोट, छुआरा, किशमिश के रेट
कमजोरी से लेकर आंखों की रोशनी और तेज दिमाग से लेकर अच्छी याद्दाश्त तक ये तो हम सभी जानते हैं कि सूखे मेवे सेहत के लिए कितने फायदेमंद हैं, लेकिन जब हम इन्हें खरीदने निकलते हैं तो एक मुठ्ठी में ही हमारी जेब खाली हो जाती है। मगर एक जगह इन्हें खरीदने के लिए ऐसी भीड़ लग रही है जैसे यह रद्दी के भाव बिक रहे हों।
आगरा में एक ऐसा बाजार भी है जहां का नजारा देखकर आपको अपनी आंखों पर यकीन नहीं होगा। पालीवाल पार्क बाल विहार का फुटपाथ इन दिनों सूखे मेवों से सजा है। यहां सुबह जल्दी आकर दुकानदार बैठ जाते हैं और शाम तक गद्दी लगाए रहते हैं ताकि जल्द सवेरे चहलकदमी करने आने वालों से लेकर शाम को काम से घर लौटने वालों तक लोगों की निगाह पडे़ और वे कुछ न कुछ लेकर जाएं। दुकानदार अजय बताते हैं कि वैसे तो यह बाजार सर्दियों में अधिक रोशन होता है क्योंकि दूर-दराज से भी दुकानदार यहां आते हैं, लेकिन अब कुछ ऐसे भी दुकानदार हैं जो बारह महीने यहीं अपनी दुकान लगा रहे हैं।
एक अन्य दुकानदार ने बताया कि भारत के बाजारों में बादाम की कीमतें 1000 से 1200 रूपये किलो हैं, आगरा में भी मुख्य बाजारों या प्रतिष्ठानों पर यह 700 से 1000 रूपये तक की कीमत में मिलता है, लेकिन बाल विहार में लगने वाले इस बाजर में बादाम की कीमतें 500 से 650 तक ही हैं।
इसमें भी यह बहुत अच्छी नस्ल का और बड़ा बादाम है जो आम तौर पर यहां नहीं मिलेगा। बाजार में आपको अमरीकी बादाम तो आसानी से मिलेगा लेकिन यह नहीं। एक और दुकानदार से बात करने पर पता लगा कि इस बाजार में अखरोट 250 से 500 रूपये तक, काजू 550 से 700 रूपये तक, छुआरा 180 रूपये से 300 रूपये तक और किशमिश 200 से 250 रूपये तक प्रति किलोग्राम की कीमत में उपलब्ध है। हालांकि पुराने बाजारों में पता करने पर इन कीमतों में बहुत अधिक अंतर देखने को नहीं मिलता, क्योंकि सूखे मेवों की अलग-अलग किस्में अलग-अलग रेटों पर वहां भी उपलब्ध हैं और कई बार कीमतें भी 10 से 20 रूपये प्रति किलोग्राम के अंतर वाली ही नजर आती हैं। बहरहाल इन सूखे मेवों की नस्ल और गुणवत्ता के बारे में तो जानकार ही अच्छे से बता सकते हैं लेकिन इतना जरूर है कि इन्हें खरीदने के लिए बाल विहार के इस अस्थाई बाजार में काफी भीड़ जुट रही है।