आगरालीक्स…आगरा मेट्रो में सफर के लिए हो जाएं तैयार, इस महीने राम मंदिर और फरवरी में आगरा मेट्रो होगी शुरु. पीएम मोदी करने आ सकते हैं लोकार्पण…जानें स्टेशन, किराया आदि पूरी जानकारी
आगरावासियों के लिए अच्छी खबर है. आगरा मेट्रो में सफर अब जल्द शुरू होने वाला है. जनवरी में जहां अयोध्या में राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की जानी है तो वहीं फरवरी के अंतिम सप्ताह में आगरा में मेट्रो का संचालन शुरू किया जा सकता है. प्रॉयरिटी कॉरिडोर के छह स्टेशनों के बीच मेट्रो शुरू की जानी है. बताया जाता है कि अंतिम सप्ताह में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगरा मेट्रो का लोकार्पण करने के लिए आ सकते हैं.
प्रॉयरिटी कॉरिडोर के छह स्टेशनों के बीच आगरा मेट्रो का संचालन किया जाएगा. इनमें पहले तीन स्टेशन एलिवेटेड हैं तो अगले तीन स्टेशन अंडरग्राउंड. ऐलिवेटेड ट्रैक पर मेट्रो का ट्रायल पहले ही सफल हो चुका है और अब अंडरग्राउंड सेक्शन में भी आगरा मेट्रो का ट्रायल हो गया है. तीनों अंडरग्राउंड स्टेशनों पर फिनिशिंग का काम चल रहा है. इसे फरवरी मध्य तक पूरा कर लिया जाएगा.
इन छह स्टेशनों के बीच चलेगी पहले मेट्रो
ताज पूर्वी गेट
बसई
फतेहाबाद रोड
ताजमहल
आगरा फोर्ट
जामा मस्जिद
10 रुपये से लेकर 60 रुपये तक का किराया
आगरा मेट्रो का न्यूनतम किराया 10 रुपये होगा, यह एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक जाने का किराया है. वहीं, 18 मेट्रो स्टेशन या इससे अधिक जाते हैं तो 60 रुपये किराया लगेगा.
ये है आगरा मेट्रो का किराया
एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक 10 रुपये
दो स्टेशन तक 15 रुपये
तीन से छह स्टेशन तक 20 रुपये
सात से नौ स्टेशन तक 30 रुपये
10 से 13 स्टेशन तक 40 रुपये
14 से 17 स्टेशन तक 50 रुपये
18 या इससे अधिक स्टेशन तक 60 रुपये
500 रुपये जमा कर मेट्रो में मना सकेंगे जन्मदिन
आगरा मेट्रो में जन्मदिन और शादी की सालगिरह भी मना सकेंगे. इसके लिए 500 रुपये जमा करने होंगे, मेट्रो के एक डिब्बो को आपके लिए सजाया जाएगा, केक, कोल्ड ड्रिंक और पानी अपने साथ ले जा सकेंगे. अपनी और अपने साथियों की टिकट लेकर उस डिब्बे में यात्रा कर सकेंगे जिसे मेट्रो ने आपके लिए सजाया है. दो घंटे तक मेट्रो में 500 रुपये जमा कर जन्मदिन और सालगिरह का जश्न मना सकेंगे.