आगरालीक्स …आगरा के स्वास्थ्य केंद्र पर गर्भवती और उसके गर्भस्थ शिशु की लापरवाही से मौत हो गई, इस मामले में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राजा अरिदमन सिंह और बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने मजिस्ट्रेट जांच की मांग की है। साथ ही इस गंभीर मामले के दोषी डॉक्टर और नर्स पर कार्रवाई के लिए कहा है।
पिनाहट सीएचसी पर तीन दिन पूर्व गर्भवती को कई घंटे इलाज नहीं मिला था, उसे आगरा रेफर कर दिया गया था। रास्ते में गर्भवती की मौत हो गई, उसके पति श्रीकांत शर्मा ने सीएचसी के स्टापफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि समय से इलाज मिल जाता तो उसकी पत्नी और गर्भस्थ शिशु की जान बच सकती थी। इस मामले में शुक्रवार को भदावर हाउस स्थित आवास पर प्रेसवार्ता में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राजा अरिदमन सिंह और बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की शिकायत स्वास्थ्य मंत्री से करते हुए मजिस्ट्रेट जांच की मांग की है। इस तरह की घटनाएं आगे न हों, इसके लिए सीएमओ डॉ बीएस यादव से कहा है कि सीएचसी और पीएचसी पर डॉक्टर व स्टाफ समय से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए बायोमीट्रिक लगाए जाएं, इलाज में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाए।
Leave a comment