आगरालीक्स… आगरा में इंजीनियर मामा की हत्या उसके भांजे ने टीवी सीरियल देखकर रची थी, हत्या का तरीका गूगल से सर्च किया। इसके बाद उसने इंजीनियर मामा की हत्या करने के बाद शव के टुकडे कर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिए।
संदीप (27) कासगंज के सहावर के मायांसुर गांव के रहने वाले थे। वह गुड़गांव में प्राइवेट कंपनी वीएनएल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे। रजत (20) फिरोजाबाद केआर्यनगर का रहने वाला है। आगरा में नीरव निकुंज में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी देवेन्द्र सिंह चंदेल के मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रह रहा था।
यहीं पर उसने सात मई की दोपहर तीन बजे संदीप की हत्या की। इसके बाद शव के सात टुकड़े कर बैग में भरकर सिकंदरा आरओबी के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक आया था। शव के सिर समेत कई हिस्से अभी तक नहीं मिल पाए हैं।
रजत ने संदीप के कोसीकलां के ढाबे से अपहरण की झूठी कहानी बताई थी। इस पर संदीप के भाई देवेन्द्र ने कोसीकलां में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रजत को कोसीकलां पुलिस ने हिरासत में लिया। हत्या आगरा के सिकंदरा में हुई थी। इसलिए अब केस सिकंदरा थाना ट्रांसफर कर दिया गया है। रजत को सिकंदरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गूगल से सर्च किया हत्या का तरीका
पुलिस के मुताबिक ,उसने पूछताछ में बताया कि मामा ने कपड़े बेचने का बिजनेस कराया था। इसके लिए संदीप ने लाखों रुपये दिए। इसमें से काफी पैसा वह आईपीएल के सट्टे में हार गया। इसकेबाद संदीप उसे जलील करने लगे थे। इसी से उसके मन में मामा के लिए नफरत पैदा हो गई। उसने एक महीने पहले अपराध पर आधारित धारावाहिक में देखा कि हत्या कर शव को बैग में पैक कर ठिकाने लगाया गया। तभी उसने हत्या की साजिश का ताना बाना बुन लिया था। हत्या कैसे की जाए, इसके लिए गूगल पर सर्च करके हत्या का तरीका जाना, भगवान टाकीज से मांस काटने वाला हथियार और दो बैग खरीदकर लाया। एक बैग में पैक करके लाश के टुकड़े फेंके। दूसरा कमरे पर मिला। इसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
Leave a comment