आगरालीक्स…आगरा कॉलेज में खुला बृज प्रांत का पहला महिला/छात्रा परामर्श केंद्र. समस्याओं का होगा समाधान. स्त्री रोग कार्यशाला भी हुई…
आगरा कालेज एवम महिला समन्वय ,बृज प्रांत के संयुक्त तत्वाधान में “पहला महिला/ छात्रा परामर्श केंद्र”आज आगरा कॉलेज में प्रारंभ हुआ और एक “स्त्री रोग कार्यशाला “भी आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ प्राचार्य डॉ चित्र कुमार गौतम, डॉ जयदीप मल्होत्रा, डॉ रेणुका डंग, श्रीमती पारुल महाजन एवम को महाविद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिकाओं द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ सीके गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 छात्र छात्राओं के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य रखकर लागू की गई है, जिसमें विषयों के अध्ययन के साथ साथ उनके व्यक्तित्व का भी विकास शामिल है और उसी परिप्रेक्ष्य में आगरा कॉलेज में इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए समय समय पर आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यशाला की मुख्य वक्ता डॉ जयदीप मल्होत्रा ने अपने उद्बोधन में विस्तार से मानव जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वास्थ्य से तात्पर्य केवल भौतिक स्वस्थता ही नहीं है बल्कि इसमें आपकी मानसिक, भावनात्मक, बौद्धिक, आध्यात्मिक, पर्यावरणीय आदि अनेक प्रकार के स्वास्थ्य भी शामिल हैं और इन सभी का उचित ध्यान रखते हुए आप अपना समग्र विकास कर सकते हैं ।वर्तमान में हमारे देश में हर चार व्यक्ति में से एक मधुमेह का रोगी है ,औसत से अधिक वजन के मरीज सबसे अधिक भारत में हैं और आने वाले समय में कैंसर जैसी भयानक बीमारी भी हमारे देश में बढ़ती जा रही है।
हमारे देश की आधी आबादी हम महिलाएं हैं और हम अगर अपने स्वास्थ्य का उचित ध्यान नहीं रखेंगे तो हम देश के विकास मे एक बेहतर नागरिक की भूमिका से वंचित रह जायेंगे। हमें उचित खान पान के साथ व्यायाम भी करने आवश्यक हैं आपने छात्राओं एवम उपस्थित महिला शिक्षिकाओं के विभिन्न प्रश्नों का बहुत सहजता से उत्तर देते हुए उनकी समस्याओं एवम भ्रांतियों का निवारण भी किया। साथ ही डॉ जयदीप ने आगरा कॉलेज की छात्राओं को निशुल्क चिकित्सीय परामर्श के लिया अपने मल्होत्रा हॉस्पिटल एवम रेनबो हॉस्पिटल में आमंत्रित भी किया है।
महिला समन्वय, ब्रज प्रांत की अध्यक्षा डॉ रेणुका डंग ने बताया की हम ऐसे परामर्श केंद्र विभिन्न स्कूल एवम कॉलेजों में खोल रहे हैं और छात्राओं को उनकी विभिन्न समस्याओं के सार्थक समाधान की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। कार्यशाला का संचालन करते हुए कैप्टन रीता निगम ने बताया कि आगरा कॉलेज में प्रत्येक माह में किसी एक दिन इस तरह की कार्यशाला विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में प्रो सुनीता गुप्ता,प्रो गीता माहेश्वरी, प्रो नीरा शर्मा, प्रो कल्पना चतुर्वेदी, प्रो स्मिता चतुर्वेदी, प्रो अंशु चौहान, प्रो सुमन कपूर, डॉ संध्या मान, डॉ अल्पना पांडे, डॉ दीपाली सिंह, डॉ मनिका टंडन,एडवोकेट प्रमिला शर्मा,श्रीमती अंजू गर्ग एवम लगभग 200 छात्राएं उपस्थित रही।