आगरालीक्स… आगरा में कैलाश मंदिर के पास दोबारा पाइप लाइन टूटी, कैलाश मंदिर और उसके आस पास के क्षेत्र में भरा पानी। चार दिन में दूसरी बार टूटी पाइप लाइन, शहर में रहेगा पानी का संकट।
बुधवार शाम को कैलाश मंदिर के पास सिकंदरा वाटरवक्र्स की पाइप लाइन टूट गई। इससे श्री कैलाश मंदिर के बाहर और उसके आस पास के क्षेत्र में पानी भर गया। दुकानों के साथ ही घरों तक पानी पहुंच गया। स्थानीय लोग घर और दुकानों में भरे पानी से सामान को बचाने में जुटे रहे।
चार दिन में दूसरी बार पाइप लाइन टूटने से आक्रोश
इससे पहले शनिवार को कैलाश मंदिर के पास पाइप लाइन टूटने से घरों में पानी भर गया था, बाढ़ जैसे हालात हो गए थे। चार दिन में दूसरी बार पाइप लाइन टूटने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
आधे शहर की पानी की आपूर्ति पर पड़ेगा असर
सिकंदरा वाटरवक्र्स से आवास विकास कॉलोनी, जगदीशपुरा, अर्जुन नगर सहित आधे शहर को पानी की आपूर्ति की जाती है। बुलंदशहर से गंगाजल कैलाश मंदिर पर पहुंचता है यहां से सिकंदरा वाटरवक्र्स से गंगाजल की आपूर्ति की जाती है। पानी की पाइप लाइन टूटने से आधे शहर में पानी का संकट रहेगा।