आगरालीक्स….मोबाइल को लेकर पति पर टूटा पत्नी का कहर. ऐसी हालत कर दी कि अस्पताल में भर्ती हो गया पति
मोबाइल का जमाना है. हर हाथ में मोबाइल है. कई—कई लोगों के लिए तो रिश्तों से बढ़कर मोबाइल हो गया है. ऐसा ही एक मामला आगरा मंडल के मैनपुरी से आया है जहां मोबाइल को लेकर पत्नी ने पति को ऐसे ऐसे टॉर्चर दिए कि वो अस्पताल में भर्ती हो गया. पीड़ित पति ने आरोपी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है
मामला किशनी थाना क्षेत्र का है. पीड़ित पति प्रदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2007 में औरैया की रहने वाली बेबी पुत्री दीवान सिंह के साथ हुई थी. शादी से इनके एक बेटा है. पति का आरोप है कि पत्नी मोबाइल पर किसी से बात करती है. शक होने पर उसने मोबाइल छीनकर अपने पास रख लिया. इसी बात पर पत्नी आपा खो बैठी.
पति ने बताया कि 18 मई को उसे खाने में नशीली दवा मिलाकर बेहोश कर दिया और फिर अगले दिन जब उसे होश आया तो करंट लगा कर जान से मारने की कोशिश की. लेकिन समय रहते 14 साल के बेटे ने बिजली का तार हटा दिया. लेकिन पत्नी का गुस्सा शांत नहीं हुआ. उसने क्रिकेट बैट से उसके सिर पर कई वार किए जिससे वो लहूलुहान हो गया. उसका इलाज मेडिकल कॉलेज सैफई में चल रहा है. पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस जांच कर रही है.