आगरालीक्स…आगरा में शहरवासियों के लिए बनेगा हाईटेक पार्क. जानिए क्या होगी खासियत
शहर में ताज नेचर पार्क की तरह यमुना किनारे एक और पार्क बनाया जाएगा। इसे नगर निगम और वन विभाग के सहयोग से विकसित किया जाएगा। खंदारी स्थित वन विभाग कार्यालय के पास वन विभाग की जमीन पर इसे बनाया जाएगा। शुक्रवार को इस पार्क के लिए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल और डीएफओ आदर्श कुमार ने निरीक्षण किया।
नगर क्षेत्र में यमुना किनारे बनने वाले इस पार्क में 36 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल और फेंसिंग भी की जाएगी। इस पार्क में लोगों की मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक के लिए नेचुरल वॉक पथ भी बनाए जायेंगे। इसमें बच्चों के लिए छोटे-छोटे से पार्क भी बनाए जाएंगे। इस हाईटेक पार्क में वॉच टावर और पॉन्ड भी बनाए जायेंगे ।यहां पर वॉटर कंजर्वेशन भी होगा। इस पार्क में नगर निगम, स्मार्ट सिटी और वन विभाग सहित अन्य विभागों के सहयोग से वॉटर एटीएम, ओपन जिम समेत अन्य सुविधाएं भी जुटाई जाएंगी।